Saturday, October 18

Karni Sena: झारखंड में करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, समर्थकों ने किया हंगामा

झारखंड के जमशेदपुर में रविवार रात करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और झारखंड प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना मानगो बालीगुमा क्षेत्र में मिनी पंजाब होटल के पास एक गली में हुई। मोबाइल लोकेशन के जरिए पुलिस ने उनका शव बरामद किया है। उनके सिर पर गोली लगी थी और बाएं हाथ में पिस्तौल थी। 

हत्याकांड के बाद क्षत्रिय समाज और करणी सेना कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-33 और डिमना चौक को जाम कर हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने इसे सुनियोजित हत्या करार देते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। करणी सेना के नेताओं ने 48 घंटे में हत्यारों की गिरफ्तारी न होने पर उग्र आंदोलन और झारखंड बंद की चेतावनी दी है। 

पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है, लेकिन हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। कुछ लोग इसे राजनीतिक तनाव या निजी दुश्मनी से जोड़कर देख रहे हैं।