
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी 18 जनवरी को पटना आएंगे। कांग्रेस सांसद संविधान की रक्षा विषय पर आधारित एक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और बिहार कांग्रेस के नेताओं के साथ भी बातचीत करेंगे। बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह और कांग्रेस नेता शकील अहमद ने राहुल गांधी के दौरे की जानकारी की है। बता दें कि लोकसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी की पहली बिहार यात्रा होगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी पहली बार बिहार आ रहे हैं। उनके इस दौरे से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भरेगा। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी एक दिवसीय दौरे के दौरान गांधी सदाकत आश्रम जाएंगे। यहां पर एक नवनिर्मित स्टाफ क्वार्टर और एक ऑडिटोरियम का उद्घाटन करेंगे। कांग्रेस नेता शकील अहमद ने राहुल गांधी के दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि बापू सभागार में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी एक संविधान सुरक्षा सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।