
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि बीजेपी शासित प्रदेश यूपी और असम में अत्यधिक पुलिस बल के कारण दो कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौत (Congress workers death in UP and Assam) हो गई। राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि भाजपा शासित असम (Assam) और उत्तरप्रदेश में लोकतंत्र और संविधान की फिर से हत्या हुई है। देश भर में कांग्रेस पार्टी बाबासाहेब और संविधान के समर्थन में सत्याग्रह कर रही है। इस दौरान अत्यधिक पुलिस बल के कारण गुवाहाटी में मृदुल इस्लाम और लखनऊ में प्रभात पांडे, हमारे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मृत्यु बहुत दुखद और निंदनीय है। उनके शोकाकुल प्रियजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। इन परिवारों को पूरे न्याय का अधिकार है।
इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने हो गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। इस घटना में एक कार्यकर्ता की मौत हो गई। वहीं असम कांग्रेस प्रमुख भूपेन बोरा समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत पर असम कांग्रेस ने कहा कि हम अधिवक्ता मृदुल इस्लाम की दुखद मृत्यु से बहुत दुखी हैं, जिन्होंने गुवाहाटी में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन – ‘राजभवन चलो’ के दौरान अपने प्राणों की आहुति दे दी। न्याय और लोकतंत्र के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को हमेशा याद रखा जाएगा।