Monday, September 22

केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी से गठबंधन नहीं करेगी।

दिल्ली में अगले साल विधानसभा चुनाव (Delhi Election 2025) होने है। इससे पहले पूर्व सीएम और आप के राष्ट्रीय संजोयक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने बड़ा बयान दिया है। केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी से गठबंधन नहीं करेगी। हालांकि केजरीवाल ने ये भी कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन (India Alliance) का हिस्सा बनी रहेगी।  हरियाणा विधानसभा चुनाव के बाद आप के कई नेताओं ने कहा था कि दिल्ली में आप का कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं होगा। आम आदमी पार्टी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन करके देख चुकी है और उसे गठबंधन का कोई फायदा नहीं मिला। वहीं हरियाणा में कयास लगाया जा रहा था कि आप और कांग्रेस गठबंधन कर विधानसभा चुनाव लड़ सकते है, लेकिन दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद हरियाणा में कांग्रेस ने अकेले ही विधानसभा चुनाव लड़ा। दिल्ली में अगले साल विधानसभा चुनाव होने है और इसको लेकर आप ने तैयारी भी शुरू कर दी है। आप ने कुछ प्रत्याशियों के नामों का भी ऐलान कर दिया है।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के लोग खौफ में जी रहे हैं। दिल्ली में व्यापारियों को फिरौती के लिए फोन आ रहे हैं। व्यापारी दहशत में जी रहे हैं वो दिल्ली छोड़कर दूसरे राज्यों में जा रहे हैं। गैंगस्टर बच्चों को शूटर की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं। दिल्ली की कानून व्यवस्था केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के अंतर्गत आती है, वह दिल्ली के लोगों को सुरक्षा प्रदान करें। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है। दिल्ली में डर का माहौल है और महिलाएं डरी हुई हैं।