राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार का उद्देश्य देश में शिक्षकों के अद्वितीय योगदान को सम्मानित करना है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज विज्ञान भवन में 82 चयनित शिक्षकों को ‘शिक्षक पुरस्कार 2024’ से सम्मानित करेंगी। इसके के लिए उच्च शैक्षिक संस्थानों और पॉलिटेक्निक के 16 शिक्षकों का भी चयन किया है। यह पहली बार है जब उच्च शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों को भी पुरस्कृत किया जा रहा है। अब तक यह पुरस्कार केवल स्कूल शिक्षकों तक ही सीमित था।
शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इन पुरस्कारों का उद्देश्य उन शिक्षकों को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपनी प्रतिबद्धता और समर्पण के माध्यम से न केवल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया है, बल्कि छात्रों के जीवन को भी समृद्ध बनाया है।
इस वर्ष शिक्षकों का चयन तीन चरणों वाली चयन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया है। इस प्रक्रिया में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षकों का चयन शामिल है। शिक्षा मंत्रालय का स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग हर साल 5 सितम्बर को शिक्षक दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय स्तर का समारोह आयोजित करता है। इसमें कठिन, पारदर्शी और ऑनलाइन चयन प्रक्रिया के माध्यम से चुने गए देश के सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं।