शूटिंग में श्रेयसी सिंह महिला ट्रेप इवेंट के क्वालिफिकेशन राउंड में हारकर बाहर हो गई है। वो 113 अंक के साथ 23वें नंबर पर रहीं। श्रेयसी पहले राउंड में 22, दूसरे में 22, तीसरे में 24, चौथे में 22 शॉट्स और 5वें राउंड में 23 शॉट्स लगाए।
फ्रांस की राजधानी पेरिस में खेले जा रहे ओलंपिक खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने अबतक बेहतरीन प्रदर्शान किया है। एक तरफ जहां महिला शूटर मनु भाकर और सरबजोत सिंह ने ब्रॉन्ज मेडल जीत देश का नाम रोशन किया है। वहीं दूसरी तरफ बिहार की विधायक श्रेयसी सिंह ने निराश किया है और वे अपने इवैंट शॉटगन ट्रैप में कुछ खास नहीं कर पाई हैं।
बता दें श्रेयसी सिंह ने कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप 2010 में ट्रैप में रजत पदक जीता था। इसके अलावा उन्होंने कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप 2017 में डबल ट्रैप में भी रजत पदक जीता था। श्रेयसी सिंह कॉमनवेल्थ गेम्स 2018 में डबल ट्रैप में स्वर्ण जीतने में सफल रहीं। उन्होंने एशियाई खेलों 2014 में डबल ट्रैप टीम में कांस्य पदक जीता था।
बिहार की जमुई विधानसभा से भाजपा के टिकट पर श्रेयसी विधायक हैं। श्रेयसी ने 2020 के विधानसभा चुनाव में आरजेडी के विजय प्रकाश को करीब 41 हजार वोटों से हराया था। श्रेयसी बिहार के दिग्गज नेता रहे दिग्विजय सिंह की बेटी हैं, जो पूर्व सांसद थे। श्रेयसी की मां पुतुल सिंह भी बांका सीट से सांसद रह चुकी हैं।
श्रेयसी सिंह ने साल 2014 के ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में निशानेबाजी की डबल ट्रैप इवेंट में सिल्वर मेडल जीता था। खेलों में उनके योगदान को देखते हुए 32 वर्षीय श्रेयसी को साल 2018 में अर्जुन अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। पेरिस ओलंपिक में भारत के 117 एथलीट भाग ले रहे हैं। टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत ने सात मेडल जीते थे। इस ओलंपिक में भारत अब तक 2 मेडल जीत चुका है।