Wednesday, October 1

किसान देशभर में आज रोकेंगे रेल, पंजाब समेत देश के कई हिस्सों में बढ़ाई गई सुरक्षा

केंद्र सरकार और किसानों के बीच जारी बातचीत अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। किसानों की ओर से मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन जारी है। संयुक्त किसान मोर्चा ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत आज दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक देशभर में रेल रोकने की घोषणा की है। रेल रोको अभियान में महिला किसान भी शामिल होंगी। पंजाब में 52 स्‍थानों पर ट्रेनों को रोकने का ऐलान किया गया है। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए पंजाब सहित देश के कई हिस्सों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उधर, दिल्ली के कई इलाकों में जाम लगने की संभावना है।

मोदी सरकार पर लगाए ये आरोप
ट्रेन रोको आंदोलन को संयुक्त किसान मोर्चा (राजनीतिक) भी समर्थन दे रहा है। किसान नेताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी का नारा लगा रही है। वहीं दूसरी तरफ एक लाख 41 हजार करोड़ के खाद्य तेल और 29 लाख टन दालें आयात कर रही है। किसान आंदोलन के नेता अमरजीत सिंह मोहरी, मलकीत सिंह और जंग सिंह भतेरडी ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्‍फ्रेंस की और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।

सरकार नहीं मान रही है किसानों की मांग
किसान नेताओं पर मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि वह किसानों बात सुनने के लिए तैयार नहीं है। यदि तिलहन और दलहन पर देश में ही एमएसपी मिलने लगे तो किसानों के साथ देश को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि गुमराह करने के लिए सरकार कह रही है कि किसानों की ज्यादातर मांगें मानी जा चुकी है, लेकिन यह झूठ है।

कई जगह धारा 144
किसान आंदोलन के नेता अमरजीत सिंह मोहरी, मलकीत सिंह और जंग सिंह भतेरडी ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से दिल्ली पहुंचे साथी किसानों को दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी है। अंबाला में सहित कई जगह धारा 144 लगा दी गई है। उन्होंने कहा कि किसानों को हरियाणा सरकार से धमकिया मिल रही है।