राघौगढ़/भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के पुत्र और राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह का तिलक मंगलवार को राघौगढ़ में हुआ। उनका विवाह बिहार के डुमरिया राजघराने की श्रीजम्या के साथ तय हुआ है। कार्यक्रम में देश के प्रमुख राज परिवारों से ताल्लुक रखने वाले लोगोंं सहित प्रदेश के पूर्व मंत्री अजय सिंह, उप्र के पूर्व मंत्री राजा भैया, पूर्व विधायक प्रियव्रत सिंह खींची के अलावा उप्र व मप्र के कई मंत्री और विधायक शामिल हुए। जयवर्धन सिंह की होने वाली दुल्हन श्रीजम्या डुमरिया राजघराने के शत्रुंजय शाही की बेटी हैं। शत्रुंजय के पिता रणविजय शाही राजद के विधायक भी रह चुके हैं।
जयवर्धन का जन्म सन् 1982 में हुआ। दून स्कूल से पढ़ाई करने के बाद जयवर्धन ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रैजुएशन किया। इसके बाद आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया और वहां से डिग्री हासिल कर लौटने के बाद राजनीति में आ गए। दिसंबर 2013 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने राघौगढ़ विधानसभा सीट से जीत दर्ज की। जयवर्धन सिंह मध्यप्रदेश विधानसभा के सबसे युवा सदस्य हैं।