Tuesday, September 23

भाजपा को उसी की भाषा में जवाब देगी कांग्रेस, लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस

प्रदेश कांग्रेस में हारे प्रत्याशियों की बैठक के बाद सोशल मीडिया टीम की बैठक हुई। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ लोकसभा, जिला एवं विधानसभा स्तर के सभी पदाधिकारी शामिल रहे। तय किया गया कि टीम मजबूत है, इसलिए हम भाजपा की टीम का पूरी ताकत से मुकाबला कर सकते हैं। उसका उसी शैली में जवाब दिया जाएगा। जिला स्तर पर सोशल मीडिया की लीगल टीम भी बनेगी। एनएसयूआइ, युवा कांग्रेस की तरह सोशल मीडिया टीम के पदाधिकारियों को भी तवज्जो मिलेगी। बैठक में प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष अभय तिवारी और अखिल भारतीय कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के सह प्रभारी संदीप गुप्ता भी बैठक में उपस्थित रहे। बैठक का संचालन सोशल मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष अभिनव बरोलिया ने किया।

हमें आमजन की लड़ाई लडऩी है: पटवारी

अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बैठक में कहा कि हमें कांग्रेस की मानसिकता और कांग्रेस के प्रति विचारों को लोगों की भावनाओं में लाना होगा। हम विपक्ष में बैठे हैं, इसलिए हमारी जिम्मेदारी है जनता के लिए न्याय की लड़ाई लड़ें। लड़ाई सोशल मीडिया के जरिए पूरी ताकत के साथ लड़ी जा सकती है। पार्टी की भावनाओं, रीति-नीति को ज्यादा से ज्यादा जनता तक पहुंचाना है।

सोशल मीडिया में अच्छे कार्य करने वाले की रैंकिंग बनाएं। आगामी समय में ब्लॉक और मण्डलम अध्यक्षों का सम्मेलन किया जाएगा। संदीप गुप्ता ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा की जानकारी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया के एक-एक कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह यात्रा को सफल बनाने के लिए प्रभावी तरीके से कार्य करें। अभय तिवारी ने गतिविधियों की जानकारी दी।

पदाधिकारियों ने कहा- सहयोग नहीं मिलता जिला पदाधिकारियों का दर्द था कि उन्हें सहयोग नहीं मिलता। जिला कांग्रेस के अन्य पदाधिकारियों को पूरा सहयोग मिलता है, लेकिन जब सोशल मीडिया टीम की बारी है तो उपेक्षित रहती है। इस पर पटवारी ने कहा कि अब ऐसा नहीं होगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी होगी वह सोशल मीडिया टीम से सामंजस्य बनाकर कार्य करे। जिन जिलों एवं लोकसभा क्षेत्र में सोशल मीडिया टीम नहीं है, वहां गठन होगा। सक्रिय लोगों को मौका मिलेगा। निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाया जाएगा। जल्द ही सोशल मीडिया का सम्मेलन होगा।