अब कुछ ही दिन शेष हैं। प्रदेश में सक्रीय सभी राजनीतिक दल अपने स्टार प्रचारकों को लेकर पूरे दमखम के साथ चुनावी मैदान में उतरे हुए हैं। इसी कड़ी में सोमवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा मध्य प्रदेश दौरे पर आई हुई हैं। धार में विशाल जनसभा को संबोधित करने के बाद प्रियंका गांधी इंदौर पहुंच गई हैं। शहर के एमआर-9 स्थित रोबोट चौराहे पर आमसभा को संबोधित करते हुए जहां एक तरफ उन्होंने इंदौर के कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में लोगों से वोट देने की अपील की तो वहीं केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर उन्होंने जमकर निशाना साधा।
हालांकि, प्रियंका गांधी के मंच पर पहुंचने के दौरान कांग्रेस के मंच पर एक घटना भी घटी। दरअसल, सभा में स्वागत का मौका न मिलने पर मंच पर ही कांग्रेस नेता पंकज संघवी नाराज हो गए। वो इस बात से इस कदर नाराज हुए कि कांग्रेस के अन्य नेताओं के सामने अपनी नाराजगी जताते हुए सभा से ही चले गए।
इस दौरान इंदौर में सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सबसे पहले इंदौर और इंदौर के खानपान की जमकर तारीफ की। प्रियंका ने खजराना गणेश की जय के साथ अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन में इंदौर के योगदान को भी रेखांकित किया। इसी के साथ उन्होंने कहा कि महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर के बीच मालवा के पठार पर बसे इंदौर आकर गर्व हो रहा है। यहां की जनता मेहनती है और मददगार है। आप सबने इसकी मिसाल कोरोना के समय पेश की, जब पूरे देश में आपका शहर मिसाल बना रहा। यहां एक बार पहले आने का मौका मिला था, उस समय यहां के खानपान और यहां के लोगों से मिलने का मौका मिला। लेकिन फिलहाल मैं डाइट कर रही हूं तो कुछ नहीं खाऊंगी।
‘चुनाव आते ही 22 हजार घोषणाएं की लेकिन 22 भी पूरी न कीं’
चुनाव आया तो गैस सिलेंडर का भाव कम कर दिया। इस सरकार ने 22 हजार घोषणाएं कर दीं, लेकिन कमाल देखिए इसमें से 22 घोषणाएं भी पूरी नहीं की। दीवाली का मौसम आ रहा है। मेरी बहनें त्योहार मनाना चाहती हैं, लेकिन आज ये परिस्थिति है कि प्याज के दाम भी बढ़ गए हैं। पहले विश्व कप चल रहा था तब मोदीजी कहते थे कि सचिन की पहली सेंचुरी होगी या प्याज की। आज विश्व कप चल रहा है। आज कोहली का शतक हो गया और प्याज का भी, लेकिन मोदीजी कुछ नहीं कर रहे।
‘मोदीजी ने ब्लड टेस्ट की लैब खोल रखी है क्या ?’
प्रियंका ने आगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कहा कि मोदीजी का कहना है कि कांग्रेसियों का खून खराब है। मोदीजी ने ब्लड टेस्ट करने के लिए लैब खोल रखी है क्या जो खून का टेस्ट करने लगे हैं। उन्होंने आगे कहा कि, ‘मैं अब जब भी बीमार होंगी तो उन्हीं से टेस्ट करवाऊंगी। जनता को खून से कोई मतलब नहीं है। जनता को मतलब है शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं से है। इसका क्या हुआ ?’
’18 सालों में भाजपा ने मप्र में क्या किया ?’
प्रियंका गांधी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 18 साल से मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार है। इतनें साल में प्रदेश तो चोड़िए इंदौर में कौन से विश्वविद्यालय खोले गए, मेडिकल कालेज खोले। मध्य प्रदेश की मौजूदा हकीकत तो ये है कि, यहां कई स्कूल तक बंद हो गए हैं। मोदीजी कहते हैं पहले जितने भी लोग आए किसी ने कुछ नहीं किया। मैं पूछती हूं कि आपने क्या किया ? आप अपनी जिम्मेदारी लेने को तैयार हैं ? आप मंच पर खड़े होकर बोल सकते हैं कि आपकी सरकार ने क्या किया ?