कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वॉड्रा एक सप्ताह में दूसरी बार मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं। वे गुरुवार को मंडला में जन आक्रोश रैली के समापन मौके पर जन सभा को संबोधित करने आई हैं।
धार जिले के बाद एक सप्ताह में ही प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi Vadra) का गुरुवार को यह दूसरा दौरा है। आदिवासी बहुल मंडला में प्रियंका गांधी जन आक्रोश रैली में शामिल होने आई हैं। यह महाकौशल क्षेत्र है। आदिवासी बहुल क्षेत्र का राम नगर कांग्रेस की सभा के लिए इसलिए खास है, क्योंकि गोंडकालीन ऐतिहासिक राजधानी रही है। इस सभा से मंडला जिले की मंडला, निवास और बिछिया विधानसभा सीट के आदिवासी बहुल इलाकों को साधने की कोशिश की जा रही है। इसके अलावा डिंडौरी जिले की डिंडौरी और शाहपुरा सीट भी आदिवासी बहुल है।
प्रियंका गांधी ने कई घोषणा की। इसमें एक योजना को और जोड़ दिया गया। यह घोषणा स्कूली बच्चों के लिए थी। पहली कक्षा से 12वीं कक्षा तक स्कूली शिक्षा फ्री होगी। इस योजना का नाम रखा है, पढ़ो और पढ़ाओ योजना। इस योजना में कक्षा 1 से कक्षा 8 तक के बच्चों को 500 रुपए दिए जाएंगे। 9 से 10 तक हर माह 1000 रुपए मिलेंगे। 11 से 12 तक के बच्चे को 1500 रुपए हर माह मिलेंगे।
यह भी घोषणा की
500 रुपए में सिलेंडर दिया जाएगा।
1500 रुपए महिलाओं के खाते में आएगा
5 हार्स पावर की बिजली मुफ्त मिलेगी
ओबीसी का 27 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा
जातिगत गणना पूरे प्रदेश में कराई जाएगी
आदिवासियों को 6ठी अनुसूची में शामिल जाएगा।
पीएम आवास योजना में शहर के बराबर धनराशि मिलेगी
प्रियंका ने कहा कि हम बार-बार कहते हैं कि जाति जनगणना होनी चाहिए। भाजपा की जो केंद्र में सरकार है इसकी बात नहीं करना चाहती। हम तो यह कह रहे हैं कि गिनती तो हो। हम कह रहे हैं देश में गिनती करो। अजा, जजा पिछड़ा वर्ग कितने है, इनके साथ न्याय हो रहा है या नहीं। बिहार में जन गणना की तो पता चला कि 84 प्रतिशत ओबीसी के लोग हैं। जिन लोगों की आबादी ज्यादा है, उन्हें पद नहीं मिल रहे हैं मौके नहीं मिल रहे हैं। न्याय मिल सके। सभी जातियों के लोगों को न्याय मिल सके। लेकिन यह सरकार इतना भी नहीं करना चाहती। क्योंकि यह कह रहे हैं कि हम जनता और समाज को बांटना चाहते हैं, हम इसलिए कह रहे हैं कि हम न्याय दिलवाना चाहते हैं।
तेंदूपत्ता के लिए प्रतिबोरा 4 हजार रुपए दिया जाएगा
प्रियंका ने कहा कि क्या जूता, चप्पल, छाते से आपका सम्मान जुड़ा है, क्या आपको मेहनत की कमाई नहीं मिलना चाहिए। इस सोच के बारे में आपको बताना चाहती हूं। एक तरफ कांग्रेस आपके सम्मान को आगे बढ़ाती है। दूसरी तरफ भाजपा की सोच, जब आप सत्ता में है कुछ नहीं करेंगे। भ्रष्टाचार करते जाएं। चुनाव आने का समय आया तो 18 दिन पहले घोषणा कर देंगे। लेकिन, जब आप 18 साल से आपकी सरकार है जब आप सत्ता में थे तो यह आपने काम क्यों नहीं किया। मैं चाहती हूं कि आपको अपने सम्मान की कमाई मिलना चाहिए। जूते, चप्पल, और छाते को बंद कराइए। आपको ऐसे ही पकड़ा देते हैं। वो सोचते हैं कि आप इससे चुप हो जाएंगे और आप बोनस नहीं मांगेंगे। आपका अधिकार है, आपको तेंदूपत्ता का बोनस मिलना चाहिए।
अभी में छत्तीसगढ़ गई थी, वहां कांग्रेस की सरकार ने आज तेंदूपत्ता के प्रति बोरा 4 हजार रुपए दिए जाते हैं। जो कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ में किया। मैं कुछ स्वयं सेवा समूह से मिली। उन्होंने बताया कि वे एक लाख से 6 लाख रुपए कमा रही है। आप भी अपने मध्यप्रदेश में ऐसी सरकार ला सकते हैं। छत्तीसगढ़ में 60 से ज्यादा वन उपज को समर्थन मूल्य दिया जाता है। यहां तो एक तेंदूपत्ता का नहीं मिल रहा है। वहां के नेता गुमराह करने के लिए काम नहीं करते। आपमें हूनर हैं, गुलदस्ता, पेंटिंग, खिलौने बनाती हैं, इसके जरिए आप काफी कमा सकती है। यही काम हमारी छत्तीसगढ़, राजस्थान में कर रही है। आपका सम्मान दुनियाभर में फैल रहा है।
मैं एक घोषणा करने जा रही हूं। तेंदूपत्ता के लिए 4 हजार रुपए यहां भी दिया जाएगा। पेसा कानून छत्तीसगढ़ की तरह लागू किया जाएगा।
भाजपा की सरकार ने आपसे छीन लिए अधिकार
प्रियंका ने वन कानून के बारे मे कहा काग्रेस की सरकार ने आपको वन अधिकार दिए थे। प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने आपको वन अधिकार दिलाकर जल, जंगल और जमीन का अधिकार दिलाया। मनरेगा लाए, इससे ग्रामीण रोजगार बने। जब आपके इलाके में रोजगार नहीं मिलता तो पलायन होता है। मनरेगा आपको मजबूत बनाने के लिए बनाया गया था। ताकि आपके गांव में ही रोजगार मिले। भोजन के अधिकार का कानून मिला, इससे आपके बच्चों को भोजन मिले। पंचायती व्यवस्था को कांग्रेस की सरकारों ने मजबूत किया। पंचायत में जो पैसा दिया वो आए, कई फैसले पंचायत में ही लिए जा सके। यह कांग्रेस की ही सोच थे। आपकी मजबूती के लिए जो कांग्रेस ने किया, भाजपा सरकार ने एक-एक करके यह अधिकार आपसे छीन लिये। सरपंचो के अधिकारों में कटौती कर दी। आपकी जमीनें छीनी जा रही है। आपको उपज के सही दाम नहीं मिलते। प्रदर्शन करते हैं तो गोलियां बरसाई जाती है। वन के अधिकार खत्म कर दिए। 15 माह की कांग्रेस सरकार ने पट्टे दिए थे वो भाजपा सरकार ने रोक दिया।
प्रियंका गांधी ने कहा कि देश में सबसे ज्यादा सबसे ज्यादा बच्चियां यहीं से गायब हो रही है। डेढ़ लाख बच्चियां गायब हो गई है। हर रोज 17 बलात्कार हो रहे है, इस प्रदेश में। उज्जैन की घटना तो आपने देखी ही। आदिवासियों पर जो अत्यातार हो रहे हैं, उसमें मध्यप्रदेश नंबर वन हो गया है। यहां की परिस्थितियां मुश्किल होती चली जा रही है। यह देखकर दुख होता है कि ऐसे बड़े बड़े शहीदों की भूमि को लोग छोड़कर जा रहे हैं। 18 सालों से भाजपा सरकार है, रोजगार के अवसर नहीं बने। सिर्फ लूट मची है। जब चुनाव आते हैं आपका ध्यान भटकाया जाता है। आपके जज्बातों से ध्यान भटकाया जाता है। सबसे बड़ी बात यह है कि महंगाई कैसे कम होगी, रोजगार कैसे मिलेगा, संस्कृति का बचाव कैसे होगा, विकास कैसे होगा, जिससे आप आगे बढ़ पाएंगे।
प्रियंका ने कहा कि आपके यहां पगड़ी का काफी महत्व है, जब ऋण लेते हैं तो आप पगड़ी रख देते हैं। इसलिए हम आपके लिए जो करना चाहते हैं मैं आपके सामने खड़ी हूं। कई वक्ताओं ने इंदिराजी की बात की, इंदिराजी मेरी दादी तो थी, आपने इंदिरा माता कहा। बुजुर्गों को याद होगा उनके बारे में। मैं उनकी पोती हूं, मेरी शक्ल उनसे मिलती जुलती है, इसलिए आप मुझे देखने आए हैं। एक गहरी बात यह है कि इंदिराजी में आपको भरोसा था, उन्होंने काम करते दिखाया। आप उन्हें माता कहते थे, इसलिए की आपकी श्रद्धा उन से जड़ु हुई थी। आपने मेरी दादी को माता माना और मैं आपसे जो बात करने के लिए खड़ी हूं, इसलिए वो सच हो। जो काम इंदिराजी ने कहा था उसे आगे बढ़ाने वाली बात हो। आपको याद होगा कि इंदिराजी ने आपको पट्टे दिलवाए थे, किस भावना से दिलवाए, इसी भावना से कि यह आपकी जमीन है। यह आपका सम्मान है। यह आपसे जुड़ी हुई बातें हैं, पूरी शक्ति आपको मिलना चाहिए। हम चाहते हैं कि देश की जो संपत्ति हो आपके हाथों में जाएं और आप मजबूत बनें। आपको सोचना होगा कि क्या यह लोग आपकी शक्ति आपको देंगे या नहीं।
प्रियंका गांधी ने कहा कि कितनी अनूठी प्राचीन संस्कृति है आपकी। मेरी दादीजी कहती थी कि आपको इसके जरिए प्रकृति की सुरक्षा करना सिखाया जाता है, पूजा करना सिखाया जाता है, प्रकृति के लिए आप साधा जीवन जीते हैं। पारंपरिक और कौशल के सहारे आप अपना जीवन चलाते हैं।
कमलनाथ ने कहा कि मैं भगवान बिरसा मुंडा, रानी दुर्गावती, रघुनाथ, शंकर शाह, टंट्या मामा, बादल भोई, भीमा नायक खाज्या नायक, सीताराम कंवर, रघुनाथ सिंह को प्रणाम करता हूं। आप लोगों से बहुत पुराना संबंध है। मैंने अपनी जवानी का काभी समय मंडला में कांटा है। आज बहुत दुख होता है, आज हमारे प्रदेश के मंडला के क्या हालात हैं। प्रियंका जी आप उस प्रदेश में आई हैं, जहां बेरोजगारी नंबर वन है। यह देश में सबसे भ्रष्ट प्रदेश है। आप भ्रष्टाचार के शिकार है या भ्रष्टाचार के गवाह हैं। पैसे दो काम लो। पैसे दो और गरीबी रेखा में नाम लिखा लो। यह भ्रष्टाचार के हालात है। आज हमारा किसान खाद और बीज के सही मूल्य के लिए परेशान हैं। 17 नवंबर को चुनाव हो रहे हैं, यह किसी पार्टी या किसी व्यक्ति विशेष का चुनाव नहीं है। यह आपके भविष्य का चुनाव है। आपको गुमराह करने आएंगे, 18 साल शिवराजजी ने राज किया, मैं भी 15 माह मुख्यमंत्री था। साढ़े 11 माह में हमने किसानों का कर्जा माफ किया। हमने 27 लाख किसानों का कर्जा पहली किस्त में किया। मंडला मे 23 हजार किसानों का कर्जा माफ किया। कौन सी गलती की। मैंने बिजली सस्ती दी, कौन सा गलत काम किया। मैंने एक हजार गौशाला बनाई कौन सा पाप किया।
नाथ ने कहा कि 13 सालों से चल रही मंडला की सड़क आज भी अधूरी है। मंडला की सड़क जबलपुर को जोड़ती है वो कितनी महत्वपूर्ण है। आज नर्मदा के किनारे हैं, लेकिन पेयजल की समस्या है। सरकारी कार्यालय मंडला में बंद होने लग गए। बिजली का कारखाना, सिंचाई का मुख्यालय यहां से बाहर भेज दिया गया। शिवराजजी से एक प्रश्न पूछता हूं कि आपने दिया क्या। आपने महंगाई दी, भ्रष्टाचार दिया, आपने तो घर-घर में शराब दी। यह तस्वीर आपके सामने है।
ओंकार मरकाम का संबोधन शुरू। मरकाम ने रानी दुर्गावती को नमन करते हुए कहा कि प्रियंका गांधी का अभिवादन किया। मरकाम ने इंदिराजी का जिक्र करते हुए 1983 का जिक्र किया। उन्होंने जबलपुर विश्वविद्यालय को रानी दुर्गावती यूनिवर्सिटी बनाने पर धन्यवाद दिया। मरकाम ने कहा कि मध्यप्रदेश में अपराध चरम सीमा पर है। एक बेटी को मारकर गड्ढे में गाढ़ दिया। आदिवासी दिवस पर आदिवासियों पर गोली चलाकर अन्याय किया। आज हम संकल्प लेते हैं कि पूरे आदिवासी भाजपा को हटाने के लिए तैयार हैं। मरकाम ने कहा कि हमने आदिवासी दिवस की छुट्टी देने का काम किया, लेकिन शिवराज सिंह ने बंद कर दिया। कमलनाथजी के सीएम बनते ही कई योजनाएं चालू हो जाएंगी।
विधायक अशोक मसकोले का संबोधन। प्रियंका गांधी का स्वागत करते हुए मसकोले ने गोंडी भाषा में लोगों से बात की। पलायन विस्थापन और गरीबों के क्षेत्र में उद्योग शुरू करने की मांग रखी।
तरुण भनोत ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता पर 4 लाख करोड़ का कर्जा चढ़ा हुआ है। आपमें से भी ऐसा कोई नहीं है जिन पर 50 हजार से अधिक का कर्जा न हो। भनोत ने कहा कि आप सबकी मेहनत का पैसा मध्यप्रदेश की सरकार को करों के रूप में मिलता है, उसमें लूट हुई है। उसमें भ्रष्टाचार हुआ है। इस सरकार के कार्यकाल में महंगाई बहुत बढ़ गई। पेट्रोल और डीजल पहले सस्ता था, अब महंगा हो गया। रसोई गैस महंगाई कर दी। भाजपा के लोग जब वोट मांगने आए तो उनसे पूछना।
आदिवासी बहुल इलाके पर नजर
साल 2018 के चुनाव में कांग्रेस को मंडला और डिंडौरी जिले में काफी अच्छी सफलता मिली थी और डिंडौरी में तो दोनों ही सीटें कांग्रेस ने जीत ली थी। इसी प्रकार मंडला और डिंडौरी जिले की पांच सीटों में से चार पर कांग्रेस ने कब्जा जमा लिया था। इसके अलावा पूरे महाकौशल अंचल की बात करें तो यहां 2013 में भाजपा के पास 24 सीट थी और कांग्रेस के पास 13 सीट थी। एक निर्दलीय के पास थी। इसके बाद 2018 में समीकरण बदल गए। पार्टियां बदल गईं, लेकिन सीटें वही रहीं। आदिवासी नाराज हो गए। यही कारण है कि भाजपा हर संभव कोशिश कर रही है कि वे महाकौशल के आदिवासी क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत बना सके।
इससे पहले 5 अक्टूबर को धार जिले के राजगढ़ में जनसभा को संबोधित करने आई प्रियंका गांधी सत्तारूढ़ पार्टियों पर जमकर बरसीं थीं। प्रियंका ने कहा था कि आपने टीवी में खूब देखा होगा, इश्तेहार हो रहे हैं। बड़ी-बड़ी बातें देख लीं आपने। इश्तेदारों में बहु कुछ हो रहा है, लेकिन जमीन पर कुछ नहीं हो रहा है। जब तक यह जमीन पर नहीं उतारेंगे, तब तक आपके कीमती वोट उन तक नहीं जाएगा। आपके जज्बातों से यह लोग खेलते हैं। धर्म की बातें होती हैं, जाति की बातें होती हैं। यह आपको गुमराह करने का तरीका है। अपनी आंख अर्जुन की तरह निशाने पर रखना होगा। निशाना आपके भविष्य पर है। इस देश में विकास वाली एक ही पार्टी है, वो है कांग्रेस।