श्री महाकाल लोक बनने के बाद उज्जैन में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। अब महाकाल लोक का आकर्षण भी और बढ़ाया जा रहा है। इसके लिए यहां वाटर स्क्रीन और प्रोजेक्शन मैपिंग शो की तैयारी की जा रही है। महाकाल लोक में भक्तों के लिए अत्याधुनिक वाटर लेजर शो शुरु होगा।
रुद्रसागर में वाटर स्क्रीन और लोटस पोंड में प्रोजेक्शन मैपिंग शो होगा।
इसके लिए टेंडर में तीन कंपनियों ने रुचि भी ली है। यहां रुद्रसागर में करीब 32 करोड़ रुपए से वाटर स्क्रीन लेजर शो और लोटस पाउंड में प्रोजेक्शन मैपिंग शो होगा। प्रोजेक्ट शुरू होने के बाद खुले यह शो शहरवासियों के साथ देश-दुनिया से आने वालों लोगों के लिए बड़ा आकर्षण बनेंगे।
रुद्रसागर में वाटर स्क्रीन लेजर शो की कवायद लंबे समय से चल रही है लेकिन इसका स्वरूप तय नहीं हो पाया। प्रशासन शुरू से ही यहां ऐसा प्रोजेक्ट लगाने के लिए प्रयासरत हो जो देश में और कहीं नहीं चल रहा है। दर्शकों को उज्जैन में लेजर शो के रूप में कुछ नया देखने को मिल सकता है।
स्मार्ट सिटी द्वारा श्री महाकाल लोक योजना अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय स्तर के लेजर शो आयोजित किए जाना है। यह दो स्थान बड़ा रुद्रसागर व त्रिवेणी संग्रहालय के नजदीक स्थित लोटस पोंड (कमल तालाब) पर होंगे। प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी मप्र पर्यटन निगम को सौंपी गई है। करीब 32 करोड़ रुपए के इस प्रोजेक्ट के लिए निगम ने टेंडर जारी किया था जिसमें तीन एजेंसियों ने भागीदारी की है।
निगम अधिकारियों के अनुसार, कंपनियों द्वारा अपने-अपने प्रोजेक्ट्स का प्रजेंटेशन दिया जाएगा। प्रस्तुतिकरण के लिए 20 जनवरी की तारीख प्रस्तावित है। प्रजेंटेशन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जारी टेंडर में प्रोजेक्ट के संचालन व संधारण का जिम्मा चयनित कंपनी का होगा। यह ठेका पांच वर्ष के लिए दिया जाएगा।
श्री महाकाल लोक का प्रोजेक्ट तैयार करने के दौरान ही रुद्रसागर में वाटर शो की कल्पना कर ली गई थी। इसलिए महाकाल लोक कॉरिडोर में रुद्रसागर के किनारे जगह-जगह गजीबो व बैठने की व्यवस्था की गई है। इसी तरह लोटस पाउंड के आसपास भी दर्शक दीर्घा नुमा स्थान बनाए हैं।
लेजर शो शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में दर्शक यहां खुले आसमान के नीचे बेठ लेजर शो का आनंद ले सकेंगे। अधिकांश शो की थीम भगवान शिव और धार्मिक कथाओं पर आधारित हो सकती हैं। शो नि:शुल्क होंगे या सशुल्क फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है।