Sunday, October 19

साढ़े 4 लाख लोग पहुंच गए उज्जैन, महाकाल के दर्शन के लिए आधी रात को लग गई लंबी कतार

सावन में महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन में रोज लाखों लोग आ रहे हैं। रविवार को तो यहां रिकार्ड संख्या में भक्तों ने महाकाल के दर्शन किए। इसके बाद सावन के पांचवें सोमवार पर बाबा के दर्शन करने के लिए आधी रात से ही लोगों की लंबी कतार लग गई। सावन सोमवार पर मंदिर के पट सुबह 2.30 बजे ही खोल दिए गए थे। आज भी करीब 5 लाख भक्तों के यहां आने का अनुमान है। सावन सोमवार के मौके पर आज शाम 4 बजे महाकाल की सवारी भी निकाली जाएगी।

7 अगस्त यानि आज सावन माह का पांचवां सोमवार है। इस मौके पर उज्जैन महाकाल के जयकारों से गूंज रहा है। यहां महाकाल के दर्शन और पूजा के लिए आधी रात से ही भक्तों की कतार लग गई थी। देशभर से आए भक्तों की सुविधा के लिए सावन सोमवार को तड़के 2.30 बजे जैसे ही मंदिर के पट खुले, भक्तों ने बम बम भोले का जयकारा लगाना शुुरु कर दिया।

सुबह सबसे पहले महाकाल की भस्म आरती की गई, पंचामृत से अभिषेक किया गया। महाकाल को भांग अर्पित की गई और उनका श्रृंगार किया गया। भस्मारती के साथ ही भक्तों के महाकाल दर्शन का सिलसिला शुरु हो चुका था। आज महाकाल के दर्शन रात पौने ग्यारह बजे तक किए जा सकेंगे।

इससे पहले रविवार को तो महाकाल दर्शन के लिए भक्तों का मेला सा लग गया था। महाकाल लोक में हेड काउंट अर्थात सिर गिनने की मशीन लगी है जिसके अनुसार रविवार को सुबह से लेकर रात तक साढ़े 4 लाख से ज्यादा भक्तों ने महाकाल के दर्शन किए। इससे पहले 30 जुलाई को रविवार के दिन यहां साढ़े 3 लाख लोगों ने महाकाल के दर्शन किए थे।

आज सावन सोमवार पर महाकाल की पांचवीं सवारी भी निकाली जाएगी। महाकाल सवारी शाम 4 बजे से शुरु होगी। सवारी में होल्कर स्टेट की परंपरा निभाई जाएगी। महाकाल मंदिर और भक्तों की जबर्दस्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।