जोधपुर। प्रदेश में सत्ता आने पर भाजपा जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के बहुचर्चित शिक्षक भर्ती घोटाले में दशोरा कमेटी की सिफारिश के अनुरूप कार्रवाई करेगी। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस में भर्ती घोटाले को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दशोरा कमेटी की सिफारिशों को नजरअंदाज कर एक ही दिन में ङ्क्षसडीकेट ने उन 154 शिक्षकों को नियमित कर दिया, जांच में जिनकी नियुक्ति को अवैध माना गया था। उन्होंने कहा कि सत्ता में आते ही भाजपा इस मामले में दशोरा कमेटी की सिफारिशों के अनुरूप कार्रवाई करेगी।
भाजपा- राजे अलग नहीं
राठौड़ ने कहा कि भाजपा और वसुंधरा राजे को अलग-अलग नहीं देखा जा सकता है। विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद के चेहरे के सवाल पर उन्होंने कहा कि कमल का फूल चेहरा होगा। नौ साल के मोदी शासन की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएंगे। जीतने पर पार्टी जिसको मुख्यमंत्री बनाएगी, वह सभी को स्वीकार्य है।
बाबूसिंह भी हमारे… गजेन्द्रसिंह भी हमारे
बालेसर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की जनसभा में पूर्व विधायक बाबू सिंह राठौड़ से माइक छीने जाने के सवाल पर नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि बाबू सिंह भी हमारे हैं और गजेंद्र सिंह शेखावत भी हमारे। उन्होंने कहा कि सिंहों में अंतर नहीं कर पाओगे। भाजपा में कोई अंतरकलह नहीं है।
सीएम को याद दिलाया सर्वे
राठौड़ ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पहले कार्यकाल के सर्वे का स्मरण करते हुए कहा कि सर्वे में जब उनको नंबर वन सीएम बता रहे थे, तब चुनाव में कांग्रेस 21 सीटों पर सिमट गई थी। उस समय दो सीट कम आती तो प्रतिपक्ष के दावे से भी बाहर हो जाते। अब उनकी ही सरकार के मंत्री कह रहे हैं कि इस बार फॉच्र्युनर में बैठकर ही विधानसभा पहुंचेंगे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पूरे संगठन को अपने थैले में रखते हैं।