मौसम विभाग ने भाविष्यवाणी की है कि, देश में इस वर्ष सामान्य मानसून की उम्मीद है। आईएमडी ने मंगलवार को कहा कि, देश में मानसून के समय सामान्य रूप से बारिश होगी। इस साल सामान्य या उससे अधिक बारिश होने की 67 प्रतिशत संभावना है। केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय में सचिव एम. रविचंद्रन ने कहा कि, दक्षिण पश्चिम मानसून के दौरान देश में सामान्य बारिश देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि लंबी अवधि के औसत से लगभग 96 प्रतिशत बारिश होने का अनुमान है। सरकार के पूवार्नुमान से किसानों को राहत मिल सकती है क्योंकि सोमवार को निजी मौसम भविष्यवक्ता स्काईमेट ने जून और सितंबर के बीच मॉनसून सीजन के दौरान सामान्य से कम बारिश की भविष्यवाणी की है। जिसके लिए कमजोर अल नीनो घटना को जिम्मेदार ठहराया है।
IMD का मौसम अपडेट, खुशखबर लाया
मौसम विभाग ने आज एक बार फिर देश में मानसून को लेकर नया अपडेट जारी किया है। IMD का अपडेट लोगों के लिए खुशखबरी लाया है। विभाग के अनुसार, इस बार सामान्य मानसून रहने की उम्मीद है और अल नीनो की स्थिति के बावजूद इसका असर मानसून पर ज्यादा नहीं पड़ेगा।
प्रभाव दूसरी छमाही में होगा महसूस
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम विज्ञान महानिदेशक डॉ मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि, इस साल सामान्य मानसून की उम्मीद है। अल नीनो की स्थिति मानसून के मौसम के दौरान विकसित होने की संभावना है और इसका प्रभाव दूसरी छमाही में महसूस किया जा सकता है।
सभी अल नीनो साल खराब मानसून वाले नहीं होते साल
डॉ मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि, सभी अल नीनो साल खराब मानसून वाले साल नहीं होते हैं। इसलिए इस बार अल नीनो का ज्यादा असर नहीं होगा और सामान्य बारिश होगी।
आईएमडी अलर्ट, भारत में सामान्य वर्षा देखने को मिलेगी
आईएमडी के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के मौसम में भारत में सामान्य वर्षा देखने को मिलेगी। प्रायद्वीपीय क्षेत्र के कई हिस्सों यानी पूर्वी, पूर्वोत्तर क्षेत्रों और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य बारिश की संभावना जताई गई है।
यहां पर सामान्य से कम बारिश होने की संभावना
दूसरी ओर, दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों, पश्चिम और मध्य क्षेत्रों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है।