Tuesday, September 23

सीएम ने कांग्रेस कार्यकारिणी को कहा ‘सर्कस’, बोले- कहीं पिता-पुत्र तो कहीं मां-बेटे की पार्टी

भोपाल। मध्यप्रदेश में चुनावी साल होने से पहले भाजपा और कांग्रेस में जुबानी जंगल तेज होती जा रही है। कांग्रेस की नई कार्यकारिणी और कांग्रेस नेता कांतिलाल भूरिया के आरएसएस पर दिए बयान पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया है। चौहान ने कहा कि कांग्रेस में कहीं पिता-पुत्र की पार्टी और कहीं मां बेटे की पार्टी है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार सुबह मीडिया को यह प्रतिक्रिया दी है। सीएम ने कहा कि संघ का बिगाड़ने की बात करने वाले कई लोग आए और चले गए। चौहान ने कांग्रेस की नई कार्यकारिणी को सर्कस भी बताया। चौहान ने कहा कि कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर कमेटी है, उसमें तो पिता के साथ पुत्र भी शामिल हैं। कहीं मां-बेटे की पार्टी और कहां पिता-पुत्र की पार्टी। यह कांग्रेस की नियति हो गई है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि यह कार्यकारिणी नहीं सर्कस है। कार्यकर्ता कोई बचा नहीं है। जितने थे सब पदाधिकारी बना दो और इसके बाद भी कह रहे हैं यह अंतिम नहीं है, अभी और भी इसमें शामिल होंगे। अब यह अद्भुत पार्टी है। डेढ़ सौ महामंत्री बना दिए, डेढ़ सौ क्या अभी तो 550 भी कर देंगे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांतिलाल भूरिया के बयान पर कहा कि कांतिलाल भूरिया जैसे कई लोग चले गए, कब से यह लोग कह रहे हैं। अब यह संघ का क्या बिगाड़ेंगे। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ देशभक्तों का संगठन है। आरएसएस में व्यक्ति निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ हुई है। देश के लिए जीतने और मरने वाले लाखों स्वयं सेवक तैयार हो गए हैं। कांग्रेस की कुंठा है वे कहते हैं कि देख लेंगे, कर्मचारियों और अधिकारियों को, उन्हें निपटा देंगे। मिटा देंगे। ऐसे लोगों को जनता भी निपटा देगी। आखिर अधिकारियों और कर्मचारी भी इंसान है, उनका भी सम्मान है, उनका अपमान नहीं किया जाना चाहिए।

जनता इनको लूटने नहीं देगी

शिवराज सिंह ने कहा कि इसमें कार्यकर्ता नहीं बचे हैं, सिर्फ तुष्टीकरण चल रहा है। कमलनाथ हर दिन नया वादा कर देते हैं। मैंने पहले भी कहा था कि पुराना वचन पत्र पूरा किया नहीं औ अब जो चाहो वह लिख दो। लेना-देना तो है नहीं। जनता यह भुलावे में नहीं आने वाली। कमलनाथ यह सोचते होंगे झूठे वायदे कर फिर सत्ता में आ जाएंगे। अब प्रदेश की जनता उनको लूटने का मौका नहीं देने वाली।

क्या कहा था भूरिया ने

कांग्रेस नेता कांतिलाल भूरिया ने कहा था कि जो कर्मचारी और अफसर बीजेपी के कार्यकर्ता बनकर काम कर रहे हैं, उनकी लिस्ट तैयार कर रहे हैं। अपनी सीमा में रहकर नियमों का पालन करें। रात में यह RSS की शाखा में जाने की बात करते हैं।