Wednesday, September 24

UP पहुंची कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा, प्रियंका गांधी का केंद्र सरकार पर बड़ा हमला

कन्याकुमारी से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज 9 दिन के ब्रेक के बाद फिर शुरू हो गई है। राजधानी दिल्ली के मरघट हनुमान मंदिर, यमुना बाजार, कश्मीरी गेट से मंगलवार को राहुल गांधी की पदयात्रा शुरू हुई। यह यात्रा आज दोपहर बाद यूपी पहुंची। आज भारत जोड़ो यात्रा का 109वां दिन है। यूपी में राहुल गांधी तीन जिलों में जाएंगे। इस दौरान प्रियंका गांधी भी राहुल के साथ पदयात्रा करती नजर आईं। यात्रा में बड़ी संख्या में युवा और वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक दिखाई दिए। यात्रा के मद्देनजर यमुना बाजार से लेकर पूरे रूट पर जबरदस्त सुरक्षा व्यवस्था है। यात्रा हनुमान मंदिर, यमुना बाजार वाले मरघट वाले बाबा से लोहे के पुल से होते हुए शास्त्री पार्क , सीलमपुर, गोंडा होते हुए गोकुल पुरी होते हुए लोनी की तरफ से आगे बढ़ी।

प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर बोला हमला

भारत जोड़ो यात्रा के गाजियाबाद में पहुंचने पर कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी की छवि को खराब करने के लिए सरकार ने करोड़ों रुपए खर्च किए, लेकिन ये सच्चाई से पीछे नहीं हटे। अदानी जी और अंबानी जी ने देश के सारे नेताओं को खरीद लिया लेकिन मेरे भाई को नहीं खरीद पाए और ना कभी खरीद पाएंगे।

पांडव कालीन मरघट हनुमान मंदिर पहुंचे राहुल
यात्रा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में युवा और वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिकों में सुबह से ही जमुना बाजार, शास्त्री पार्क, सीलमपुर आदि इलाकों में कांग्रेस कार्यकतार्ओं की चहल-पहल दिखाई दे रही है। भारत जोड़ो यात्रा वाले रूट पर हर जगह कांग्रेस पार्टी के होर्डिग, झंडे और बैनर दिखाई दे रहे हैं। यात्रा वाले पूरे रूट पर पुलिस की खास सुरक्षा व्यवस्था है। भारत जोड़ो यात्रा फिर से शुरू करने से पहले राहुल गांधी पांडवकालीन मरघट हनुमान मंदिर पहुंचे। जहां गदा देकर राहुल का स्वागत किया गया।

12 बजे गाजियाबाद, शाम में बागपत पहुंचेंगे राहुल
राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा यूपी के तीन जिलों से होकर गुजरेगी। आज दोपहर 12 बजे राहुल गांधी यूपी के गाजियाबाद में पहुंचेंगे। शाम में यह यात्रा बागपत पहुंचेगी। कांग्रेस के रूट के अनुसार भारत जोड़ो यात्रा यूपी में 130 किलोमीटर का सफर तय करेगी। इस दौरान राहुल गांधी पश्चिमी यूपी के तीन लोकसभा सीट और 11 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेंगे।

जाटलैंड में कांग्रेस संगठन में जान फूंकेंगे राहुल

यूपी में राहुल गांधी की यह यात्रा जिन तीन जिलों से होकर गुजरेंगी उसे जाटलैंड के नाम से जाना जाता है। इन जिलों में जाट समुदाय के लोगों की संख्या बड़ी संख्या में है। हालांकि जाटलैंड में कांग्रेस काफी समय से सुस्त है। उम्मीद जताई जा रही है कि राहुल गांधी की यात्रा से जाटलैंड में कांग्रेस का संगठन फिर से मजबूत होगा। यूपी में राहुल गांधी के साथ-साथ कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी और किसान नेता राकेश टिकैत भी पदयात्रा करते नजर आएंगे।

सपा-बसपा नेताओं को दिया गया है निमंत्रण
कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के बड़े-बड़े नेताओं को आमंत्रित किया है। यूपी के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी न्योता दिया गया है। उन्होंने आमंत्रित पर राहुल गांधी को धन्यवाद दिया। हालांकि, वो इस यात्रा में शामिल नहीं होंगे।

वहीं, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने उसमें शामिल होने के लिए उन्हें पत्र लिखने के लिए राहुल गांधी को धन्यवाद दिया। मायावती ने कहा, भारत जोड़ो यात्रा के लिए शुभकामनायें व राहुल गांधी की ओर से इस यात्रा में शामिल होने की लिखी गई चिट्ठी के लिए उनका धन्यवाद। लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि वे यात्रा में शामिल होगी या नहीं।