भोपाल। पूर्व सीएम एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने शनिवार को एक बार फिर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने बीजेपी की फायर ब्रांड नेता उमा भारती को भी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ने का न्योता दिया। कमलनाथ ने विश्वास सारंग पर भी निशाना साधा है।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ शनिवार को पीसीसी में कांग्रेस की परिवहन प्रकोष्ठ की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने एक दिन पहले भी राज्य सरकार के मुख्यमंत्री से पोषण आहार घोटाले को लेकर इस्तीफे की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि यह विभाग मुख्यमंत्री के पास ही है।
कमलनाथ ने कहा कि 12 अगस्त को पोषण आहार की रिपोर्ट सीएजी ने सरकार को भेजी और 15 दिन में जवाब भी मांगा था। सीएजी ने नोटिस देकर जवाब मांगा था, लेकिन राज्य सरकार के पासकहने के लिए कुछ नहीं रहा, इसलिए जवाब ही नहीं दियागया। ऐसे मामले में कह देते हैं कि एफआईआर दर्ज करेंगे और थाने में कह देगे कुछ मत करना। क्या एडमिनिस्ट्रेशन ऐसा होना चाहिए कि जब घोटाला सामने आए तभी मुख्यमंत्री से इस पर जवाब मांगा जाना चाहिए। यह घोटाले होने के इंतजार में बैठे रहते हैं।
शिवराज सिंह घोटाला किंग
कांग्रेस प्रकोष्ठों की बैठकों के बाद नाथ ने मीडिया से कहा कि भाजपा के पास पुलिस, पैसा और प्रशासन है। मैं रोज 100 से अधिक लोगों से मिलता हूं। उनकी व्यथा सुनता हूं। पता चलता है कि किस तरीके से लोग रोजगार और नियुक्ति पाने के लिए परेशान हो रहे हैं। मध्यप्रदेश में रोजगार और अप्वाइंटमेंट के लिए रेट फिक्स हैं और ग्रेस मार्क्स देकर भर्ती हो जाती है। यह सब बातें आज उजागर हो रही है। शिवराज सिंह कलाकारी किंग थे, अब घोटाला किंग बन गए।
उमा भारती को न्योता
कमलनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती को कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने का न्योता दिया। उमा भारती द्वारा जातीय संतुलन बिगड़ने की बात पर कमलनाथ ने कहा कि शुक्रवार को उमा भारती ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर कहा था कि कांग्रेस ने यात्रा शुरू करने में काफी देर कर दी। राहुल गांधी पहले शुरू कर देते तो उन्हें फायदा होता। उमा ने कहा था कि 24-25 साल तक भाजपा से मुकाबला नहीं किया जा सकता।