नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से प्रवर्तन निदेशालय (ED) के पूछताछ का सिलसिला बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार से लेकर बुधवार तक राहुल से करीब 27 घंटे की पूछताछ की गई। वहीं कांग्रेस का विरोध भी अब लगातार आगे बढ़ता जा रहा है। पिछले 3 दिनों से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली समेत कई राज्यों में राहुल से की जा रही पूछताछ के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पुलिस पर पार्टी मुख्यालय में जमकर घुसने और नेताओं के साथ धक्कामुक्की करने और मारपीट करने का आरोप लगाया। पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस गुरुवार को सभी राज्यों में राज्यपाल और उपराज्यपालों के आवासों का घेराव करने जा रही है।
आरोपी पर एफआईआर दर्ज करने की मांग
पार्टी मुख्यालय में घुसकर पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस आज सभी राज्यों में राज्यपाल और उपराज्यपालों के आवासों का घेराव करेगी। कल यानी शुक्रवार को जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस ने मुख्यालय में घुसने और मारपीट करने वाले संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें निलंबित करने की मांग की है।
कांग्रेस मुख्यालय में घुसकर हमला करवाया
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि दिल्ली पुलिस गुंडागर्दी पर उतर आई है। अपनी आवाज उठाने और विरोध करने पर दिल्ली पुलिस कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को पीट रही है। पुलिस की कार्रवाई से गुस्साए सुरेजावा ने कहा कि, आतंक और अत्याचार का ये नंगा नाच, पूरा देश देख रहा है। मोदी जी, अमित शाह और दिल्ली पुलिस सनद रहे, सब याद रखा जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के मुख्यालय में पुलिस घुसाकर हमला करा दिया।
कांग्रेस का कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन
राहुल गांधी से बीते तीन दिन से ईडी पूछताछ कर रही है तब से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली सहित देश के कई राज्यों में इसका विरोध प्रदर्शन कर रही है। बुधवार को यह विरोध काफी तेज हो गया। नारेबाजी और हंगामे के बीज ईडी दफ्तर के बाहर टायर भी जलाए गए। बुधवार को पुलिस ने प्रदर्शन के चलते कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। दिल्ली पुलिस के मुताबिक तीन दिन में 800 कार्यकर्ता हिरासत में लिए जा चुके हैं।
दिल्ली पुलिस ने आरोपों को बताया गलत
वहीं दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए इनको पूरी तरह से गलत करार दिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पुलिस कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जुलूस निकालने से रोकने के लिए पार्टी मुख्यालय का गेट बंद करने की कोशिश की थी। इस दौरान कुछ धक्कामुक्की हो सकती है। उन्होंने आगे कहा कि जुलूस पर रोक होने के बावजूद ये लोग शांति व्यवस्था भंग करने और माहौल खराब करनी की कोशिश कर रहे थे।