कश्मीर में हो रही टारगेट किलिंग की घटनाओं के खिलाफ आज आम आदमी पार्टी (AAP) दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन करेंगी। जंतर-मंतर में होने वाले इस प्रदर्शन में आप संयोजक अरविंद केजरीवाल भी शामिल होंगे। पार्टी की इस बात की जानकारी ट्वीट करते हुए दी गई है।
हाल के दिनों में जम्मू कश्मीर में टारगेट किलिंग की घटनाएं काफी तेजी से बढ़ी है। गैर कश्मीरी लोगों को कामकाज के दौरान दफ्तर तक में घुसकर गोली मारी जा रही है। टारगेट किलिंग की इन घटनाओं के खिलाफ कश्मीर के साथ-साथ राजधानी दिल्ली में भी विरोध-प्रदर्शन हो रहा है। अपनी सुरक्षा के लिए प्रदर्शन कर रहे कश्मीरी पंडितों को अब आम आदमी पार्टी का साथ मिला है। आज आम आदमी पार्टी कश्मीर में हो रही टारगेट किलिंग की घटनाओं के खिलाफ जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है।
जंतर-मंतर पर होने वाले आप के प्रदर्शन में दिल्ली के मुख्यमंत्री और पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल भी शामिल होंगे। इस बात की जानकारी पार्टी ने ट्वीट करते हुए दी है। पार्टी ने ट्वीट कर बताया कि कश्मीर में कश्मीरी पंडितों की हत्या के खिलाफ पार्टी आज जंतर-मंतर पर जन आक्रोश रैली करेगी। दोपहर 12 बजकर 15 मिनट यह रैली निकाली जाएगी। इसमें आप संयोजक अरविंद केजरीवाल भी शामिल होंगे।
उल्लेखनीय हो कि इससे पहले बीती रात आप ने ट्वीट कर यह जानकारी दी थी कि आज जंतर-मंतर में आप कश्मीर में हो रही टारगेट किलिंग की घटनाओं के खिलाफ प्रदर्शन करेगी। हालांकि तब यह नहीं बताया गया था कि आप संयोजक अरविंद केजरीवाल भी इस प्रदर्शन में शामिल होंगे। अब जब केजरीवाल इस जन आक्रोश रैली में शामिल हो रहे हैं तो माना जा रहा है कि वो कश्मीर के मसले पर केंद्र की मोदी सरकार को जमकर घेरेंगे।
दूसरी ओर बताते चले कि कश्मीरी पंडितों का एक समूह पहले से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहा है। शनिवार को इस प्रदर्शन में लोगों ने एक दिन का अनशन भी किया। आतंकी कार्रवाई की निंदा करते हुए कश्मीरी पंडितों ने कहा कि कश्मीर में इस वक्त हिंदुओं और गैर कश्मीरियों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने सरकार समांग की कि उनके बच्चों को या तो सरकार सुरक्षा मुहैया कराए या फिर उनको दूसरी किसी सुरक्षित जगह पर भेज दे।