Thursday, October 23

चल समारोह में थिरके भीम आर्मी के युवा, आमसभा में बताया जीवन वृत्त

भारतरत्न बाबा अंबेडकर जयंती का उत्साह गुरूवार को दिनभर शहर में दिखाई दिया। अनेक संगठनों और संस्थाओं ने उनका स्मरण कर पुष्पांजली अर्पित की। सबसे बड़ा आयोजन भीम आर्मी ने किया। सुबह 10 बजे भीम आर्मी ने बाबा साहब की जयंती पर चल समारोह निकाला। जो नपा के पास स्थित अहिरवार समाज के रामजानकी मंदिर से शुरू हुआ।

चल समारोह में सबसे आगे चल रहे डीजे की धुन पर सैकड़ों की संख्या में मौजूद युवा थिरक रहे थे। इन युवाओं के गले में नीले रंग का संगठन का गमछा भी डला हुआ था। ये युवा बाबा अंबेडकर अमर रहे के नारे भी लगातार लगाते हुए चल रहे थे। सबसे अंत में चार पहिया वाहन पर फूल मालाओं से सजी बाबा अंबेडकर की तस्वीर स्थापित की गई थी।

यह चल समारोह हाजीपुर, बासौदा नाका, लिंक रोड होते हुए छतरी चौराहे पर पहुंचा तो यहां पर युवाओं की संख्या में और इजाफा हो गया। इसके बाद चल समारोह बामौरा रोड, कस्टम पथ, कठाली बाजार, सराफा बाजार, चांदनी चौक, कोर्ट गेट, राज बाजार और पुराना बस स्टैंड होते हुए नया बस स्टैंड पर पहुंचा।

यहां पर भीम आर्मी द्वारा आमसभा का आयोजन किया गया था। जिसमें वक्ताओं ने संविधान निर्माता बाबा अंबेडकर के जीवन वृत्त पर प्रकाश डालते हुए उनके संघर्ष और दलित समुदाय के सम्मान दिलवाने के लिए किए गए कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर सभा स्थल पर बाबा साहब के जयकारे ही गुंजायमान होते रहे।

भाजपा और कांग्रेस ने भी किया स्मरण
अंबेडकर जयंती का उत्साह राजनीति दलों और संगठनों के कार्यकर्ताओं में भी दिखाई दिया। सुबह भाजपा के नेता और कार्यकर्ता पुराना बस स्टैंड पर स्थित बाबा साहब प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे। इसके बाद 11 बजे ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष नरेन्द्र पाटीदार के नेतृत्व में अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता भी प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजली अर्पित करने के लिए पहुंचे।

वक्ताओं ने संविधान निर्माण में बाबा अंबेडकर के योगदान पर प्रकाश डाला। बसपा कार्यकर्ता भी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के लिए पहुंचे। इसी तरह भाजपा पथरिया मंडल ने भी उनका स्मरण किया। मंडल अध्यक्ष राकेश रघुवंशी और विक्रम सिंह रघुवंशी ने बाबा साहब के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला।

मतदान केन्द्रों पर भी किया आयोजन
भाजपा संगठन ने मतदान केन्द्रों पर कार्यक्रम आयोजित कर अंबेडकर जयंती मनाई। मतदान केन्द्र 191 और 192 पर हुए कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष चौरे और शिवकुमार भार्गव ने जानकारियां प्रदान की। भाजपा नेता पप्पू साहू ने केन्द्र से जुड़ी जानकारियां प्रदान की।