Wednesday, October 22

87 एकड़ में बना नया इंडस्ट्रियल एरिया:नए इंडस्ट्रियल एरिया में भी केमिकल जोन बागरी तालाब के मुहाने पर बनाया, प्रदूषित होगा पानी

जंबार-बागरी के पास औद्योगिक केंद्र विकास निगम यानी एकेवीएन ने करीब 60 करोड़ की लागत से 87 एकड़ में नया इंडस्ट्रीयल एरिया डेवलप किया है। इसमें 180 भूखंड बनाए गए हैं। उसमें भी पेस्टीसाइड फैक्ट्रियों के लिए केमिकल जोन सी सेक्टर में बागरी तालाब के मुहाने पर बनाया गया है।

इससे आगामी समय में जैसे ही विदिशा शहर में पीतल मिल स्थित कीटनाशक बनाने वाले कारखाने जंबार-बागरी में शिफ्ट होंगे तो उनका जहरीला रसायन तालाब में ही गिरेगा। इससे तालाब का पानी प्रदूषित हो जाएगा। इस तालाब में मत्स्य पालन किया जाता है।

बड़ी संख्या में यहां प्रवासी पक्षी भी बाते हैं। इसके अलावा विदिशा के जो पेस्टीसाइड निर्माता नए औद्योगिक क्षेत्र में शिफ्ट होना चाहते हैं, उन्होंने नए क्षेत्र में शिफ्ट होने की परमिशन और नए कारखानों के निर्माण के लिए समय सीमा बढ़ाने की मांग की है।

सिविल विभाग बनाएगा पूरा प्लान
जंबार-बागरी के इंडस्ट्रीयल एरिया में 180 भूखंड तैयार किए गए हैं। 100 भूखंड ऑनलाइन बुक हो चुके हैं। सी सेक्टर में केमिकल जोन बनाया गया है। सिविल विभाग इसका पूरा प्लान तैयार कर रहा है। ऐसा प्रयास किया जाएगा कि केमिकल कारखानों से निकलने वाला अवशिष्ट पदार्थ तालाब के पानी में ना मिले।

पीतलमिल में केमिकल कारखानों के बीच बना फूड जोन, प्रदूषित होते हैं ब्रेड और टोस्ट
वर्ष 1971-72 में पीतल मिल चौराहे के पास औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया गया था। यहां कुल 78 सूक्ष्म, लघु और मीडियम कारखाने संचालित हो रहे हैं। इसमें से 20 पेस्टीसाइड और केमिकल कारखाने शहर की आबोहवा प्रदूषित कर रहे हैं। केमिकल कारखानों के बीच में ही यहां फूड जोन बनाया गया है।

इस फूड जोन में खाद्य पदार्थ बनाने वाले करीब 10 कारखाने भी चल रहे हैं। इनमें ब्रेड और टोस्ट बनाने वाले उद्योग भी चल रहे हैं। केमिकल कारखानों से निकलने वाला जहरीला केमिकल हवा में मिलकर ब्रेड और टोस्ट जैसी खाद्य सामग्री को भी प्रदूषित कर रहा है। इसलिए केमिकल जोन को शहर से बाहर करने की जरूरत है।