महीने के पहले दिन यानी 1 अप्रैल को 19 किलो वाले कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत 250 रुपए महंगी हो गई है। दिल्ली में अब यह 2553 रुपए का मिलेगा। फिलहाल 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वहीं पिछले 10 दिनों में लगातार 9 बार कीमत बढ़ाने के बाद आज पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ। अब तक इसमें 6.40 रुपए/ लीटर तक कीमत बढ़ चुकी है।
जेट फ्यूल की कीमतों को भी 2% तक बढ़ा दिया गया है, इससे हवाई सफर करना महंगा हो सकता है।
19 किग्रा कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की नई कीमतें
19 किलो वाला LPG सिलेंडर आज से दिल्ली में इसे रीफिल करवाने के लिए 2253 रुपए खर्च करने पड़ेंगे। 1 मार्च को यह दिल्ली में 2012 रुपए में रीफिल हो रहा था, 22 मार्च को घटकर 2003 रुपए पर आ गया। वहीं, कोलकाता में अब 2087 रुपए के बजाय 2351 रुपए और मुंबई में 1955 की जगह आज से 2205 रुपए खर्च करने पड़ेंगे। चेन्नई में अब 2138 रुपए के बजाय 2406 रुपए लगेंगे।
22 मार्च को LPG सिलेंडर में 50 रुपए की बढ़ोतरी हुई
LPG ग्राहकों को महंगाई का झटका लगना 22 मार्च से शुरू हुआ था। इस दिन बिना सब्सिडी वाले घरेलू LPG सिलेंडर में 50 रुपए की बढ़ोतरी हुई, क्योंकि छह अक्टूबर 2021 के बाद से घरेलू LPG सिलेंडर के रेट में कोई बदलाव नहीं आया था। आज, यानी नए वित्तीय वर्ष के पहले दिन भी घरेलू LPG सिलेंडर दिल्ली में 949.50 रुपए, कोलकाता में 976 रुपए, मुंबई में 949.50 रुपए और चेन्नई में 965.50 रुपए में रीफिल हो रहा है।
कॉमर्शियल सिलेंडर 22 मार्च को 9 रुपए सस्ता हुआ
1 मार्च को 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर के रेट में 105 रुपए का इजाफा हुआ था और 22 मार्च को 9 रुपए सस्ता हुआ। वहीं, अक्टूबर 2021 से एक फरवरी 2022 के बीच कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम 170 रुपए बढ़े हैं। दिल्ली में 1 अक्टूबर को कॉमर्शियल सिलेंडर का दाम 1736 रुपए था। नवंबर 2021 में यह 2000 का हुआ और दिसंबर 2021 में 2101 रुपए का हो गया। इसके बाद जनवरी में यह फिर सस्ता हुआ और फरवरी 2022 को और सस्ता होकर 1907 रुपए पर आ गया। इसके बाद 1 अप्रैल 2022 को यह 2253 रुपए पर पहुंच गया।
जेट फ्यूल के दाम 2% बढ़े, हवाई सफर करना महंगा होगा
हवाई सफर करने वालों के लिए बड़ी खबर है। अप्रैल महीने के पहले दिन ही जेट फ्यूल या एयर टरबाइन (ATF) के दाम बढ़ गए हैं। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने जेट फ्यूल की कीमतों में 2% तक की बढ़ोतरी की है। इसके बाद जेट फ्यूल की कीमत 1,12,924.83 रुपए प्रति किलोलीटर के रिकॉर्ड पर पहुंच गई है।
साल में 7वीं बार बढ़ी कीमतें
ATF की कीमतों में इस साल 7वीं बार बढ़ोतरी हुई है। राजधानी दिल्ली में इसके दामों में 2% यानी 2,258.54 रुपए प्रति किलोलीटर की बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद ATF के दाम 1,12,924.83 रुपए प्रति किलोलीटर पर पहुंच गए हैं।