पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के बाद गैस सिलेंडर पर 50 रुपए की बढ़ोतरी हुई और पेट्रोल-डीजल के दाम भी बढ़ रहे हैं। सब्जी, दाल और अन्य खाद्यान्न वस्तुओं की मूल वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने बुधवार को अनूठा प्रदर्शन किया। तिलक चौक प्रदर्शन में ढोल मजीरों के साथ रैली निकाली गई।
रैली नीमताल से शुरू हुई। इसके बाद तिलक चौक से माधवगंज तक यह रैली निकाली गई। इस दौरान बैलगाड़ी परमोटर बाइक, ठेलों में सब्जियां-फल, तेल और कई तरह की दाल रखकर प्रदर्शन किया। हाथ ठेलों पर गैस सिलेंडर रखे गए थे। सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए युवा चल रहे थे। हाथ ठेले पर भजन मंडली के सदस्य महंगाई डायन खाए जात है़ गीत गा रहे थे।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि केंद्र सरकार ने पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के रिजल्ट के फौरन बाद ही गैस सिलेंडर में 50 रुपए का इजाफा कर दिया। इस कारण आम जनमानस परेशान हो उठा है। मध्यम वर्ग और गरीब वर्गों को न्याय नहीं मिल रहा है।
लॉकडाउन और अब कमर तोड़ महंगाई से परेशानी
प्रदर्शन की अगुवाई करने वाले कांग्रेस के नेता और पार्टी के जिला महामंत्री विवेक ठाकुर का कहना था कि बढ़ती मूल वृद्धि के कारण आमजन परेशान है। पहले नोटबंदी, फिर लॉकडाउन और अब कमरतोड़ महंगाई से जनता का जीना दुश्वार हो गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को बढ़ते हुए पेट्रोल के रेट कम करना चाहिए ताकि जनता को राहत मिले।
सरकार आम लोगों को बेवजह मुद्दों में उलझा रही
विवेक ठाकुर का कहना था कि केंद्र सरकार लोगों का ध्यान बेवजह के हिंदू मुस्लिम, रूस-यूक्रेन जैसे मसलों में उलझा रही है ताकि लोगों का ध्यान समस्याओं की तरफ न जाए। खाद्यान्न तेल, शकर और दालों के भाव आसमान छू रहे हैं। इस दौरान शोभित, दानिश अली, असरफ खान, ऋषभ यादव, राहुल गुर्जर, लकी मालवीय, राकेश जोशी, समर, शुभम, इमरान, अजहर, कार्तिक आदि मौजूद थे।