Tuesday, September 23

जिंदा जल जाने के कारण मौत:झोपड़ी में आग लगने से महिला की जलने से मौत

ग्राम गजनई में फसल काटने आई एक महिला की जिंदा जल जाने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। घटना मंगलवार को उस समय हुई जब महिला के परिवार जन फसल काटने के लिए गए हुए थे। महिला झोपड़ी में खाना बना रही थी, तभी अचानक आग लग गई। वह कुछ समझ पाती इससे पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया। इससे वह जल गई।

सूचना मिलने के बाद जब परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक उसने दम तोड़ दिया था। 32 वर्षीय उमा बाई अपने पति संतराम काेल के साथ जिला उमरिया के ग्राम घांघरी तहसील बांधवगढ़ से फसल काटने के लिए ग्राम गजनी के धर्मेंद्र श्रीवास्तव के यहां आई थी। घास की झोपड़ी बनाकर पूरा परिवार व साथी रह रहे थे। सभी कटाई के लिए चले गए घटना के समय महिला झोपड़ी में अकेली थी। खाना बना रही थी तभी झोपड़ी में आग लग गई। सिटी पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एक महीने के लिए फसल काटने आते हैं मजदूर

उमरिया, कटनी, शहडोल जिले से बड़ी संख्या में हर साल मजदूर फसल काटने आते हैं। यह मजदूर गांव के बाहर घास की झोपड़ी बनाकर रहते हैं। एक महीने बाद उसे मिटाकर वापस चले जाते हैं। महिला के जिंदा जलने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी ऐसी ही घटना 3 साल पहले फतेहपुर क्षेत्र में हो चुकी है, जहां दो बच्चे टपरियां में आग लगने के कारण जिंदा जल गए थे। परिजन काम पर गए थे। टपरे में बच्चे खेल रहे थे।