Wednesday, September 24

MP में पेट्रोल-डीजल में फिर लगी आग:भोपाल में 11 दिन में बढ़े 3 रुपए, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में भी बढ़ी कीमतें; अनूपपुर में सबसे महंगा

मध्यप्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कीमतें एक बार फिर बढ़ गई हैं। 11 दिन में दाम ढाई से 3 रुपए प्रति लीटर तक बढ़े हैं। राजधानी में पेट्रोल 2.96 और डीजल 2.80 रुपए महंगा हो गया है। इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में भी कीमतें बढ़ी हैं। प्रदेश में सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल अनूपपुर में मिल रहा है। यहां एक लीटर पेट्रोल 113.11 रुपए और डीजल की कीमत 96.34 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है।

यदि ऐसी ही स्पीड रही, तो डीजल फिर से सेंचुरी लगा देगा। पिछले 5 महीने से पेट्रोल-डीजल के रेट स्थिर चल रहे थे, लेकिन 15 मार्च से दोनों की कीमतें बढ़ने लगीं, जो 25 मार्च को भी जारी रही। इसके बाद कई शहरों में रेट 3 रुपए तक बढ़ गए हैं।

11 दिन: 5 बार बढ़े, गिरावट सिर्फ एक बार
11 दिन में पांच बार रेट बढ़े। इतनी ही बार स्थिर रहे। एक बार जरूर एवरेज 21 पैसे की गिरावट हुई।

5 महीने बाद फिर बढ़ने लगे रेट
पिछले साल मई से अक्टूबर के बीच 6 महीने के भीतर पेट्रोल और डीजल के रेट आसमान छू रहे थे। पेट्रोल 20.42 रुपए और डीजल 18.92 रुपए प्रति लीटर तक महंगा हो गया था। 3 नवंबर को पेट्रोल 118.83 रुपए और डीजल 107.90 रुपए में मिल रहा था। 4 नवंबर को केंद्र सरकार के पेट्रोल-डीजल की एक्साइज ड्यूटी घटाने के बाद मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार ने भी बड़ी राहत दी थी।

केंद्र के एक्साइज और प्रदेश सरकार के वैट घटाने के बाद पेट्रोल 11.97 और डीजल 16.95 रुपए प्रति लीटर सस्ता हो गया था। इसमें केंद्र सरकार ने पेट्रोल पर 6.27 और डीजल पर 12.50 रुपए घटाए थे। वहीं, मध्यप्रदेश ने पेट्रोल के दामों पर 5.70 और डीजल पर 4.45 रुपए लीटर की कमी की थी। इसके बाद से ही भोपाल में पेट्रोल 106-107 रुपए और डीजल करीब 90 रुपए प्रति लीटर मिल रहा था।

कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें वजह: सिंह
मध्यप्रदेश पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह ने बताया, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। यदि रूस से कच्चा तेल भारत आता है, तो संभव है कि रेट में कमी आए, वरना रेट इसी तरह बढ़ते रहेंगे।

ऐसे जानिए रेट में अंतर
15 मार्च को भोपाल में एक लीटर पेट्रोल 106.87 रुपए और डीजल 90.53 रुपए में मिल रहा था। 25 मार्च को पेट्रोल 109.83 रुपए और डीजल 93.33 रुपए लीटर में मिला। यानी पेट्रोल 2.96 और डीजल 2.80 रुपए महंगा हो गया। इंदौर में पेट्रोल 2.58 और डीजल 2.45 रुपए, ग्वालियर में पेट्रोल 2.97 और डीजल 2.79 रुपए महंगा हुआ है। जबलपुर में पेट्रोल पर 2.52 और डीजल पर 2.39 रुपए बढ़ गए।

अनूपपुर, रीवा और सतना में सबसे महंगा
प्रदेश में सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल अनूपपुर में मिल रहा है। इसके बाद रीवा, सतना, शहडोल, श्योपुर और पन्ना में रेट सबसे ज्यादा है। यहां पेट्रोल 112 और डीजल 95 रुपए के पार ही है।

यहां 111 रुपए के पार पेट्रोल
आलीराजपुर, बड़वानी, बालाघाट, बुरहानपुर, छतरपुर, छिंदवाड़ा, कटनी, खंडवा, खरगोन, नीमच, सिवनी, शिवपुरी, सीधी और उमरिया।

इन जिलों में 94 रुपए पार डीजल
आगर, बड़वानी, छतरपुर, डिंडौरी, गुना, होशंगाबाद, झाबुआ, खंडवा, खरगोन, नीमच, रायसेन, सिवनी, शाजापुर, शिवपुरी, सीधी और टीकमगढ़।