तहसील सभागृह में मंगलवार को शाम 5 बजे आयोजित शांति समिति की बैठक में होली के दौरान लोगों से जबरन चंदा वसूली और केमिकल रंगों पर रोक लगाए जाने की मांग प्रशासन से की गई। होली के नाम पर कतिपय लोग लोगों से जबरन राशि वसूल करते हैं। जो लोग नहीं देते बाद में हुरियारें नशे की हालत में गाली गलौज करते हैं पत्थर फेंकते हैं। इससे माहौल खराब होता है। जो लोग स्वाभाविक रूप से चंदा दें। उसे स्वीकार किया जाए।
उपद्रव करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस मौके पर एसडीओपी भारत भूषण शर्मा ने कहा होली और धुलेंडी पर नगर में पुलिस गश्त रहेगी। मोबाइल दल घूमेंगे। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस तैनात रहेगी। उत्पात करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दोपहर को जल सप्लाई हो
बैठक में बजरंग दल के नीलेश अग्रवाल ने कहा कि धुलेंडी व रंग पंचमी के दौरान नगर पालिका दोपहर को जल सप्लाई सुनिश्चित करें। इससे होली खेलने वाले लोगों को पानी की कमी न पड़े। इसके साथ ही दोनों दिन बेतवा रिपटा व नौलखी घाट पर पुलिस व्यवस्था की जाए। क्योंकि वहां नहाने के लिए बड़ी संख्या में युवा नहाने जाते हैं। नहाते समय कोई घटना न घटे।
इस मौके पर मुस्लिम समाज की ओर से आबिद हुसैन ने कहा होली के दौरान ही रात को मुस्लिम समाज का शबे ए रात त्योहार है इस दिन समाज के लोग कब्रिस्तान पर इबादत और नमाज अदा करते हैं। इसलिए नगर पालिका कब्रिस्तानों पर सफाई व्यवस्था और रोशनी का प्रबंध करें। इससे रात को परेशानी का सामना ना करना पड़े।
रंगपंचमी पर रंग जुलूस निकलेगा, सख्ती भी रहेगी
बैठक में यह भी सुझाव दिया गया। रंग पंचमी पर नगर पालिका द्वारा परंपरागत रंग जुलूस निकाला जाता है। इसकी भव्यता के लिए लोगों को आमंत्रित किया जाए। एसडीएम रोशन राय ने कहा यह नागरिकों का अपना कार्यक्रम है इसलिए उनको ही इसे गरमा पूर्ण बनाने का दायित्व निभाना चाहिए। नगर पालिका द्वारा मुनादी कराई जाएगी।