Tuesday, September 23

गंजबासौदा में कर्मचारी संगठनों की बैठक:पेंशन की मांग को लेकर एकजुट हुऐ कर्मचारी संगठन, रविवार को भोपाल के कलियासोत ग्राउंड में करेंगे धरना प्रदर्शन

राजस्थान और छत्तीसगढ़ की राज्य सरकारों ने कर्मचारियों को पेंशन देने के आदेश जारी कर दिए हैं। वहीं अब प्रदेश में कर्मचारी पेंशन देने की मांग कर रहे हैं। इस मांग को लेकर सभी कर्मचारी संगठनों ने संयुक्त मोर्चा का गठन किया है। अपनी मांगों के संबंध में शुक्रवार को मंशापूर्ण हनुमान मंदिर परिसर में संयुक्त मोर्चा की बैठक का आयोजन किया।

इस दौरान मध्य प्रदेश शासकीय अध्यापक संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रवक्ता पृथ्वी सिंह रघुवंशी ने सभी कर्मचारी संगठनों और कर्मचारियों से पुरानी पेंशन की लड़ाई में ईमानदारी से साथ देने का आह्वान किया। बैठक में कर्मचारी नेता सैयद शफाकत हुसैन कादरी ने बताया कि प्रदेश अधिकारी और कर्मचारी संयुक्त मोर्चा में शामिल सभी मान्यता प्राप्त, गैर मान्यता प्राप्त संगठन के पदाधिकारी मांगों को लेकर रविवार दोपहर 12 बजे कलियासोत ग्राउंड नेहरू नगर में धरना-प्रदर्शन कर आंदोलन की शुरुआत करेंगे।

प्रदेश शिक्षक कांग्रेस के सचिव अवध नारायण सक्सेना और पं. संदेश मिश्र ने बताया मोर्चा में शामिल सभी संगठन पदाधिकारी अपने कार्यकर्ताओं और कर्मचारी सहित भोपाल पहुंच कर अपनी मांग के समर्थन में आवाज बुलंद करेंगे। वहीं आलोक आर्य ने बताया विकास खंड से बसों और गाड़ियों के माध्यम से जिले से दो हजार कर्मचारी भोपाल के प्रदर्शन में शामिल होंगे।

बैठक में अमर सिंह तोमर, अजय शर्मा, संजय नामदेव, एलआर अहिरवार, अरूण रघुवंशी, संजीव रघुवंशी, अरूण पांडे, विनोद श्रीवास्तव, दीपक नामदेव, प्रमिला रघुवंशी, भगवती प्रसाद सक्सेना, ज्योतिबाला नामदेव, रामराज दागी, निर्भय सिंह, भंवर सिंह, प्रभात श्रीवास्तव, अभिषेक माथुर , हनुमत सिंह, मनोज जैन सहित अन्य लोग शामिल हुए।