गंजबासौदा में रबी सीजन पर फसलों की कटाई चल रही है। दो दिन पहले हुई अचानक बारिश के बाद किसान चना और मसूर की कटाई में तेजी से लगे हुए हैं। वहीं फसलों की कटाई के बाद उनको रखने की वजह किसान मंडी में बेचने आ रहे हैं। जिस कारण शुक्रवार को मंडी में बंपर आवक देखने को मिली। कृषि मंडी में शुक्रवार को छह महीने में सबसे ज्यादा 31 हजार 168 क्विंटल की अनुमानित आवक हुई। बंपर आवक के कारण शाम 8 बजे तक मंडी में तुलाई का काम चालू रहा।
पिछले एक हफ्ते से बड़ी संख्या में किसान अपनी ट्रैक्टर ट्राली लेकर उपज बेचने के लिए मंडी पहुंच रहे हैं। मंडी से मिली जानकारी अनुसार एक हफ्ते में मंडी में करीब 1 लाख 10 हजार क्विंटल से ज्यादा उपज की आवक हुई है। वहीं भारी आवक के बीच मंडी में तीन बार तक नीलामी करनी पड़ रही है।
सर्मथन मूल्य से ज्यादा में बिक रही मसूर
इस बार रबी सीजन पर सबसे ज्यादा मसूर की आवक हो रही है। इसका मूल कारण मसूर का सर्मथन मूल्य से ज्यादा बिकना है। सरकार ने वर्ष 2022-23 के लिए मसूर का सर्मथन 5500 रुपए तय किया है लेकिन कृषि मंडी में मसूर के भाव सर्मथन मूल्य से सात सौ रुपए ज्यादा तक मिल रहे हैं। इस कारण मसूर की आवक भी अधिक हो रही है। शुक्रवार को मसूर के निम्नतम भाव 4400 से उच्चतम भाव 6390 रुपए रहे। इस दौरान मसूर की 12484 क्विंटल तक रही मसूर की आवक।
मंडी में हुई नीलामी के भाव
मंडी में शुक्रवार को नीलामी के दौरान शरबती 3161 से 3680, सुनहारा 2000 से 2755, चना 4200 से 4760, सोयाबीन 6300 से 7506, तेवड़ा 3000 से 3675, सरसों 4800 से 6903, उड़द 2000 से 4870, बटरा 3900 से 4750, तुअर 2600 से 6201, ज्वार 1900 से 3790, धान 900 से 2800, मक्का 1855 रुपए प्रति क्विंटल रहे।