विदिशा में नगरपालिका का अमला फिर एक करोड़ का लक्ष्य पूरा करने में नाकाम रहा। फरवरी महीना बीत चुका है, लेकिन अभी तक केवल 71 लाख रुपए की ही रिकवरी हुई है। जनवरी की तरह फरवरी का वेतन लेने के लिए भी नपा कर्मचारियों को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। इससे पहले जनवरी महीने का वेतन भी नपा कर्मचारियों को कलेक्टर के प्रयासों से 20 दिन की देरी से मिल सका था। कलेक्टर उमाशंकर भार्गव ने शहर में कर वसूली नहीं होने पर फटकार लगाई थी और सख्ती से वसूली के निर्देश दिए थे।
राज्य शासन से हर महीने नपा को 1 करोड़ 65 लाख रुपए चुंगी क्षतिपूर्ति राशि के रूप में मिलते हैं। पिछले महीने यह राशि 20 दिन बाद मिली थी। इसी प्रकार इस महीने मिलने वाली चुंगी क्षतिपूर्ति राशि सीवेज पीएम आवास और डिस्ट्रीब्यूशन लाइन के प्रोजेक्ट में लिए गए लोन के एवज में काटी जा सकती है। इससे नपा कर्मचारियों का वेतन फिर से अटक सकता है। इस संबंध में सीएमओ सुधीर सिंह का कहना है कि यदि 1 करोड़ की बकाया वसूली नहीं हुई तो 10 मार्च से पहले वेतन बांटना मुश्किल हो जाएगा।