Tuesday, September 23

MP में ठंड से मिली हल्की राहत:रात का पारा चढ़ा, आगे और बढ़ेगा तापमान; फिलहाल दिन और रात में बनी रहेगी हल्की ठंडक

मध्यप्रदेश में ठंड से हल्की राहत मिली है। प्रदेश भर में रात का पारा 2 डिग्री चढ़ा है। हालांकि, अभी भी कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री या इससे नीचे बना हुआ है। इस वजह से खजुराहो समेत 5 शहरों में कोल्ड वेव रही। मौसम वैज्ञानिक पीके साहा के अनुसार आज से नया सिस्टम एक्टिव हो जाएगा। इससे तापमान और बढ़ेगा। हालांकि दिन और रात में हल्की ठंडक बनी रहेगी। एक हफ्ते तक इसी तरह का मौसम रहेगा।

इस कारण बनी हुई है ठंड
मध्यप्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान तापमान में उछाल आया है, लेकिन अब भी ठंड बनी हुई है। इसका कारण रात का पारा सामान्य से कम होना है। कई इलाकों में तो यह सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम है। भोपाल में 1 डिग्री पारा चढ़ा है, लेकिन अब भी सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम है। इंदौर में रात का पारा 10 डिग्री के पार पहुंच गया है। इसमें 1.5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन अब भी यह सामान्य से करीब 1.5 डिग्री कम है। ग्वालियर में रात का पारा 7 डिग्री के नीचे बना हुआ है। यह सामान्य से 3 डिग्री कम है। जबलपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 4.5 डिग्री कम चल रहा है। यहां रात का पारा साढ़े 8 डिग्री पर अटका हुआ है।

यहां पारा नीचे आया
बीती रात प्रदेश भर में रात का पारा ऊपर गया है, लेकिन कुछ इलाकों में यह नीचे आया है। इसमें जबलपुर, खजुराहो, नौगांव, सीधी, टीकमगढ़, दतिया, धार और खरगोन रात के तापमान में कमी आई है। मलजखंड, खजुराहो, मंडला, धार और खंडवा में कोल्ड वेव रही।

यहां रातें ठंडी रहीं

शहर तापमान
पचमढ़ी 4.0
खजुराहो 5.0
नौगांव 5.2
उमरिया 6.1 (डिग्री सेल्सियस में)

यहां रात का पारा ज्यादा रहा

शहर तापमान
सिवनी 13.0
होशंगाबाद 11.7
नरसिंहपुर 11.0
इंदौर 10.4 (डिग्री सेल्सियस में)

प्रदेश के चार प्रमुख शहरों में रात का पारा

शहर तापमान
ग्वालियर 6.8
जबलपुर 8.5
भोपाल 8.6
इंदौर 10.4 (डिग्री सेल्सियस में)