Wednesday, September 24

विदिशा में पुतला दहन:कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष निशंक जैन का पुतला फूंका, बोले- गुटबाजी के कारण 15 महीने में सरकार गिरी

एक ओर मध्यप्रदेश में साल 2003 से अभी तक कांग्रेस की सरकार नहीं बन पाई है। इसका मुख्य कारण कांग्रेस की गुटबाजी सामने आती है। हालांकि वर्ष 2018 के चुनाव में कांग्रेस ने निर्दलीयों के सहारे सरकार बनाई थी। लेकिन महज 15 महीने में ही कांग्रेस के बड़े दिग्गज नेताओं की गुटबाजी के कारण कांग्रेस को सत्ता गंवानी पड़ी। ऐसे ही अभी भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से लेकर निचले स्तर तक गुटबाजी थमने का नाम नहीं ले रही। सिरोंज में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष का पुतला दहन भाजपा के नहीं बल्कि कांग्रेस के ही कार्यकर्ताओं ने कर दिया। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का कहना है कि जो पार्टी का काम करता है उसे पद नहीं मिलता। जो कुछ नहीं करता उसे पद देना गलत है। इस बात से आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष निशंक जैन का पुतला दहन कर विरोध जताया।

वहीं विक्रम सिंह ठाकुर का कहना है कि जो सक्रिय कार्यकर्ता हैं, उन्हें ब्लॉक अध्यक्ष की सूची में शामिल नहीं किया। जबकि जो किसी भी विधानसभा लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का काम नहीं करते। और तो और जो किसी भी कार्यक्रम में नहीं आता। उनका सिंगल नाम पथरिया ब्लॉक अध्यक्ष के लिए भेजा है। जो सक्रिय कार्यकर्ता हैं, उसको पद मिलना चाहिए।