देश में रविवार को 2.09 लाख मामले सामने आए। इस दौरान 2.61 लाख लोग ठीक भी हुए, जबकि 956 लोगों की मौत हुई है। पिछले दिन के मुकाबले एक्टिव केस की संख्या में करीब 52,833 की कमी हुई है। देश में फिलहाल कुल एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 18.25 लाख है। कुल केस 4.13 करोड़ के पार पहुंच गए हैं। देश का डेली पॉजिटिविटी रेट 15.77% है।
देश के कोरोना केस में लगातार गिरावट देखी जा रही है। शनिवार को 2.34 लाख और शुक्रवार को 2.35 लाख नए केस मिले थे। तीसरी लहर के दौरान 20 जनवरी को सबसे ज्यादा 3.47 लाख नए केस मिले थे। खास बात यह है कि दिल्ली, मुंबई समेत देश के सभी प्रमुख शहरों में नए संक्रमितों की संख्या घटती दिखाई दे रही है।
तीसरी लहर आने के बाद देश में पहली बार वीकली कोरोना केस में गिरावट आई है। 24 से 30 जनवरी के बीच 17.5 लाख केस दर्ज किए गए, जो कि पिछले हफ्ते के मुकाबले 19% कम है। हालांकि, इसी दौरान कुल मौतों के मामले मे 41% की बढ़ोतरी हुई है। इस हफ्ते देश का पॉजिटिविटी रेट 15.68% रहा, जबकि पिछले हफ्ते यह 17.28% था।
देश में कोरोना पर एक नजर
कुल करोना केस: 4.13 करोड़
कुल रिकवरी: 3.89 करोड़
कुल मौतें: 4.95 लाख
अपडेट्स…
- राजस्थान में आज से कोरोना पाबंदियों में छूट की नई गाइडलाइन लागू कर दी गई है। 10वीं से 12वीं तक के स्कूल 1 फरवरी से वहीं बाजार रात 10 बजे तक खुलेंगे। रविवार का वीकेंड कर्फ्यू भी हटा दिया है।
- बेंगलुरु में स्कूल-कॉलेज आज से खुल गए हैं। इसके साथ ही नाइट कर्फ्यू भी हटा दिया गया है।
5 सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों के हाल
1. केरल: 24 घंटे में 32 हजार ने कोरोना को हराया
रविवार को 51,570 नए संक्रमित मिले हैं, जबकि 32,701 मरीज ठीक हुए हैं और 101 लोगों की मौत हुई। इससे एक दिन पहले शनिवार को 50,812 नए संक्रमित मिले और 94 लोगों की मौत हुई। शनिवार के मुकाबले रविवार को नए केस में 758 की बढ़ोतरी हुई है।
यहां अब तक कुल 59.83 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 55.74 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 53,666 लोगों की मौत हो गई। यहां पॉजिटिविटी रेट 49.89% है।
2. कर्नाटक: पॉजिटिविटी रेट 3% घटा
कर्नाटक में रविवार को 28,264 नए मामले मिले हैं, जबकि 29,244 लोगों ने कोरोना को मात दी। इस दौरान 68 लोगों की मौत हुई। इससे एक दिन पहले शनिवार को 33,337 नए मामले मिले और 70 लोगों की मौत हुई। फिलहाल यहां इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 2.51 लाख है, वहीं पॉजिटिविटी रेट 16.39% है जो एक दिन पहले 19.37% था।
3. महाराष्ट्र: नए केस में 5 हजार से ज्यादा की कमी
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 22,444 नए मामले मिले। इस दौरान 50 लोगों की मौत हुई और 39,015 मरीज ठीक हुए। इससे एक दिन पहले 27,971 नए मामले मिले और 61 लोगों की मौत हुई। राज्य में अब कुल एक्टिव केस घटकर 2.27 लाख हो गए हैं।
राज्य में अब तक कुल 77.05 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 73.31 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.42 लाख लोगों की मौत हो गई। पॉजिटिविटी रेट 13.28% है, इससे एक दिन पहले शनिवार को 16.47% था।
4. तमिलनाडु: पॉजिटिविटी रेट घटकर 16.24% पहुंचा
यहां रविवार को 22,238 नए मामले सामने आए। 26,624 लोग ठीक हुए और 38 लोगों की मौत हो गई। इससे पहले शनिवार को 24,418 नए मामले सामने आए और 46 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में कुल 33.25 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 30.84 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 37,544 लोगों की मौत हुई है। यहां एक्टिव केस 2.03 लाख और पॉजिटिविटी रेट 16.24% है।
5. आंध्र प्रदेश: 2% कम हुआ पॉजिटिविटी रेट आंध्र में बीते 24 घंटे में यहां 10,310 नए केस सामने आए, जबकि 9,692 लोग ठीक हुए और 12 लोगों की मौत हुई। इससे पहले 11,573 नए केस सामने आए और 3 लोगों की मौत हुई। अब तक राज्य में 22.70 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 21.39 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 14,606 लोगों की मौत हो चुकी है। एक्टिव केस 1.16 लाख हैं। पॉजिटिविटी रेट 28.68% से घटकर 26.24% हो गया है।