अमेरिका के ईस्ट कोस्ट में बर्फीला तूफान केनान ने भयानक तबाही मचा रहा है। तूफान की वजह से लगभग 7 करोड़ लोग आफत में पड़ गए हैं। न्यूयॉर्क और बोस्टन की बिजली गुल हो गई है, जिस वजह से शहर की रफ्तार पूरी तरह से थम गई। न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी, मैरीलैंड, रोड आइलैंड और वर्जीनिया राज्य में इमरजेंसी लगा दी गई है। इस इलाके में चार साल बाद इतना बढ़ा तूफान आया है। शनिवार को नेशनल वेदर सर्विस (NWS) ने इस ‘बॉम्ब साइक्लोन’ को लेकर चेतावनी जारी की थी।
फ्लोरिडा में अटलांटिक तट के पूर्व में कम दबाव की वजह से तूफान की शुरुआत हुई, इसके बाद मैदानी इलाकों में जेट स्ट्रीम से इसे और ज्यादा ताकत मिली। जब ठंडी हवा गर्म समुद्री हवा के साथ मिल जाती है तो वायुमंडलीय दबाव में तेजी से गिरावट आती है। इससे जो चक्रवात बनता है उसे ‘बॉम्ब साइक्लोन’ कहा जाता है। तूफान के कारण तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा भी बढ़ गया है। इसे लेकर चेतावनी भी जारी की गई है।
न्यूयॉर्क की सड़कों पर 4 इंच मोटी बर्फ की चादर
न्यूयॉर्क शहर की सड़कों पर भी 4 इंच से ज्यादा मोटी बर्फ की परत जम गई है। शहर के मेयर एरिक एडम्स ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर लोगों से घर में ही रहने का अनुरोध किया है। हालांकि, इतनी बर्फबारी के बीच टाइम्स स्क्वायर पर कुछ लोग बिना कपड़ों के काउबॉय स्टाइल में गिटार बजाते हुए घूम रहे हैं।
ब्रुकलिन में कारोबार ठप हो गया है। शहर की गलियां और फुटपाथ एक दम सुनसान हो गए हैं। इस आपदा में भी लोग एक दूसरे को ‘स्नो डे’ की बधाई दे रहे हैं। न्यूयॉर्क और पड़ोसी राज्य न्यू जर्सी में आपातकाल घोषित कर दिया गया है।
बोस्टन में मेयर मिशेल वू ने भी स्नो इमरजेंसी की घोषणा की। एक टीवी इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि हालात काफी ज्यादा खतरनाक होने वाले हैं। यह एक ऐतिहासिक तूफान हो सकता है। NWS ने अनुमान जताया है तूफान के दौरान 80 से 120 मील प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। इस वजह स्थिति और ज्यादा खराब हो सकती है।