Tuesday, September 23

मिनी स्मार्ट सिटी:तीन निर्माण कार्य जनवरी में हाेंगे पूरे, अन्य कार्य किसके माध्यम से हाेंगे, यह तय नहीं

दौरे के समय मुख्यमंत्री की नाराजगी के बाद वर्तमान निर्माण कार्यों में तेजी आई

मिनी स्मार्ट सिटी के तहत चल रहे तीन निर्माण कार्य जनवरी के पहले सप्ताह तक पूरे हो जाएंगे। ऐसा निर्माण करने वाले ठेकेदारों का कहना है कि स्वरूप नगर रेलवे फाटक से काला बाग तक 3.9 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण, 5 पुलियों का निर्माण कार्य और वेदनखेड़ी बायपास पर पाराशरी पुल का निर्माण किसके माध्यम से कराया जाएगा, अभी तक इस संबंध में स्थिति क्लीयर नहीं हुई है। मुख्यमंत्री की नाराजगी के बाद वर्तमान निर्माण कार्यों में तेजी आई। इसके परिणाम स्वरूप वर्तमान में चल रहे निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। इसके लिए कार्य लगातार चल रहा है। निर्माण कार्य अंतिम चरण में चल रहे हैं।

अर्बन डेवलपमेंट कारपोरेशन ने कार्यों को लेकर कलेक्टर को पत्र लिखा
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अर्बन डेवलपमेंट कारपोरेशन ने शेष निर्माण कार्य नगर पालिका के माध्यम से कराए जाने के लिए कलेक्टर को पत्र लिखा है। सुखी सड़क निर्माण का कार्य होना है। हैवी मार्ग है नगर पालिका इस निर्माण कार्य को बखूबी गुणवत्ता के माध्यम से कर पाएगी। इस पर संशय की स्थिति है।

अर्बन डेवलपमेंट कारपोरेशन के पत्र निर्माण का फैसला निगरानी समिति को करना है। इसके अध्यक्ष कलेक्टर हैं। समिति की बैठक के बाद ही तय हो पाएगा आगे के निर्माण कार्य कब और कौन करेगा। नागरिकों का मानना है कि निर्माण कोई भी करे लेकिन गुणवत्ता के साथ जल्द कराए जाएं। इससे दूसरे चरण के विकास कार्यों को राशि मिलने का रास्ता साफ हो।

10 करोड़ रुपए भी खर्च नहीं
स्मार्ट सिटी के लिए प्रथम चरण में 25 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए थे किंतु 3 साल में दस करोड़ रुपए भी खर्च नहीं हुए हालांकि अर्बन डेवलपमेंट कारपोरेशन के अधिकारी भी स्वीकार करते हैं उनके निर्माण कार्य पूरे प्रदेश में करीब 15 शहरों में चल रहे हैं। सभी जगह कोई समस्या नहीं आई लेकिन पहली बार नगर में निर्माण कार्यों की गति और दुर्गति के हालात बने। इसके परिणाम स्वरूप मुख्यमंत्री की नाराजगी भी सामने आई। इसलिए विधानसभा चुनाव से पहले निर्माण कार्य पूरे हो इसके लिए जरूरी है। शेष निर्माण कार्यों को गुणवत्ता और शीघ्रता से पूरा कराया जाए।

यह निर्माण कार्य होना है
इन निर्माण कार्यों के अतिरिक्त वर्तमान में मिनी स्मार्ट सिटी के तहत प्रस्तावित स्वरूप नगर रेलवे फाटक से काले बाग तक 3.9 किलोमीटर लंबी सड़क के दोनों ओर चौड़ीकरण कार्य, इसी स्थान पर 5 पुलियों का निर्माण सड़क के मान से किया जाना है। इसके अतिरिक्त वेदनखेड़ी बायपास पुल पर वर्तमान पुल को छोड़कर दूसरा चौड़ा और ऊंचा नया पुल निर्माण किया जाना है। इसके अतिरिक्त पार्किंग स्थल और सुलभ शौचालय का निर्माण भी होना है। आगे यह कार्य किस विभाग से या एजेंसी के माध्यम से कराए जाएंगे फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया।

समिति करेगी निर्णय
शेष निर्माण कार्य नगर पालिका के माध्यम से कराए जाने के लिए कलेक्टर को पत्र लिखा जा चुका है। निगरानी समिति को तय करना है कि निर्माण किसके माध्यम से होंगे। -राघवेंद्र सिंह, डिप्टी मैनेजर अर्बन डेवलपमेंट कारपोरेशन भोपाल।