Wednesday, September 24

राइट साइड के किसान ही नहरों से सिंचाई करें; रिनिया पहुंचे एसडीओ ने बाकी किसानों को सिंचाई करने से रोका

संजय सागर बांध परियोजना के कमांड एरिया के किसान सिंचाई के लिए परेशान हो रहे हैं। नटेरन क्षेत्र के टेल एरिया में पानी नहीं पहुंच रहा है। इसलिए किसान रोजाना प्रदर्शन करके अपनी नाराजी जाहिर कर रहे हैं। शनिवार को संजय सागर बांध के एसडीओ प्रकाश सिंह मुख्य नहर पर रिनिया गांव पहुंचे। यहां उन्होंने किसानों से कहा कि बांध के राइट साइड के किसान ही कमांड एरिया में शामिल हैं। इसलिए वे ही अपने खेतों में सिंचाई कर सकते हैं। इस बात पर वहां मौजूद किसान हैरान रह गए।

उनका कहना था कि रिनिया गांव तो कमांड एरिया में आता है। इसलिए नहर के दोनों साइड सिंचाई करने की अनुमति दी जाए। इस बात पर किसानों और अधिकारियों के बीच बहस हुई। एसडीओ और अन्य अधिकारियों ने कई किसानों के पंप भी बंद करा दिए। साथ ही किसानों के पंप जब्त करने की चेतावनी दी।

ईई ने कहा, टेल क्षेत्र में पानी पहुंचाना मकसद, ताकि फसलों को पानी मिल सके
इस संबंध में सिंचाई विभाग की ईई प्रतिभासिंह का कहना है कि शनिवार को एसडीओ प्रकाश सिंह नहर पर गए थे। कई गांव कमांड एरिया में नहीं आते लेकिन उन गांव के किसान पानी लिफ्ट करते हैं। इसलिए किसानों से सिंचाई करने से मना किया है। हमारा मकसद है कि टेल एरिया में पानी पहुंचे ताकि किसान सिंचाई कर सकें।

खेतों के सामने पानी बह रहा है, अफसर सिंचाई से रोक रहे
रिनिया गांव के किसानों का कहना है कि हमारे खेतों के सामने नहर में पानी बह रहा है। अफसर बोल रहे हैं कि राइट साइड के किसान नहर से सिंचाई कर सकते हैं। लेफ्ट साइड के किसानों को सिंचाई करने से रोका जा रहा है। अफसरों का यह निर्देश बड़े हैरान करने वाले हैं।