Wednesday, September 24

रतलाम में रोकने पर भड़के नेताजी:BJP पदाधिकारी बोले- हेलिपैड तक जाने दो, वरना मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाएंगे, साथी नेता बोले- अरे, CM अपना है

रतलाम में शनिवार को मुख्यमंत्री का दौरा था। BJP के मंडल अध्यक्षों और दूसरे नेताओं को बंजली हवाईपट्टी पर बनाए गए हेलिपैड पर एंट्री नहीं दी गई। पुलिस से बहस करते हुए BJP मंडल अध्यक्ष कृष्णा सोनी ने मुख्यमंत्री को ही काले झंडे दिखाने की चेतावनी दे डाली। उनका कहना था कि हमें जाने दो, वरना मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाएंगे। उनका इतना कहना था, तभी साथ खड़े दूसरे नेताओं ने उन्हें टोका कि अरे अपना ही CM है।

मामला शनिवार दोपहर का है। इसका VIDEO अब सामने आया है। बाद में मामले को संभालते हुए जिला अध्यक्ष नाराज भाजपा नेताओं को मना कर अपने साथ हवाई पट्टी तक लेकर गए। मंडल अध्यक्ष कृष्णा सोनी के बोल पर अब पार्टी का हर नेता, उनके बयान पर बोलने से बच रहा है। VIDEO सामने आने के बाद भाजपा के पदाधिकारियों ने इस मामले में चुप्पी साध ली है।

रतलाम प्रदेश का पहला 100% वैक्सीनेटेड शहर: सीएम
बंजली हवाई पट्‌टी पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पहला और दूसरा डोज पूरा करके रतलाम ने मध्यप्रदेश में रिकॉर्ड बनाया है। इसी महीने हमारा पूरा प्रदेश 100% वैक्सीनेटेड हो जाएगा। जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के बेटे पायस के विवाह समारोह में शामिल होने आए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयास यह है कि तीसरी लहर आ ही नहीं पाए। रतलाम जिले के ग्रामीण क्षेत्र में 90% लोगों को दूसरा डोज लग चुका है, मध्यप्रदेश में रतलाम पहला जिला होगा, जहां दूसरे डोज भी पूरा हो जाएगा। प्रदेश में अभी दूसरा डोज 76% लोगों को लगा है। प्रभारी मंत्री ओपीएस भदौरिया, सांसद जीएस डामोर और विधायक चेतन्य काश्यप भी साथ थे।

कांग्रेस कर रही पंचायत चुनाव रुकवाने की कोशिश, हम तो तैयार
पंचायत चुनावों की तारीख घोषित होने के बाद से चल रही राजनीतिक खींचतान के बीच शनिवार को मुख्यमंत्री चौहान ने कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया है। सीएम बोले पंचायत चुनाव होना चाहिए। काफी लंबा समय हो गया है। हमारी तैयारी पूरी है, लेकिन कांग्रेस के लोग चुनाव रुकवाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए वे अनर्गल तर्क और आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। उधर पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार अभी माहौल अच्छा है। ऐसा ही चलता रहा तो परीक्षाओं के बाद संभवत: अप्रैल से जून तक में नगरीय निकाय चुनाव भी हो सकते हैं।