Tuesday, September 23

उत्तर से आ रही बर्फीली हवा ने बढ़ाई ठंडक:ग्वालियर सबसे ठंडा, तापमान 7.5 डिग्री पहुंचा, भोपाल में अलाव भी जले; ठंड और बढ़ेगी

उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं ने मध्यप्रदेश के कई जिलों में ठंड का असर बढ़ा दिया है। राजधानी भोपाल में भी मौसम का मिजाज बदला है। गुरुवार सुबह से ही सर्द हवाएं चल रही हैं। इससे लोग ठिठुरते रहे। शहर में कई जगहों पर अलाव भी जल गए। प्रदेश में ग्वालियर सबसे ठंडा रहा। यहां बुधवार की रात में तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। खजुराहो और नौगांव में पारा 8.6 डिग्री और दतिया में 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा। भोपाल में तापमान 15 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों ने आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होने की बात कही है।

प्रदेश के चार बड़े शहर भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में पारे में गिरावट-बढ़ोतरी रही। ग्वालियर में 0.5 डिग्री की गिरावट हुई और पारा रिकॉर्ड 7.5 डिग्री पर पहुंच गया। भोपाल में भी तापमान 0.6 डिग्री लुढ़का है। वहीं, इंदौर-जबलपुर में मंगलवार रात की तुलना में तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हुई है। गुरुवार सुबह से बदले मौसम की वजह से रात के तापमान में अब तेजी से गिरावट होने की बात वैज्ञानिक कह रहे हैं।

ग्वालियर के बाद खजुराहो और नौगांव की रात सबसे ठंडी
ग्वालियर के बाद खजुराहो और नौगांव की रात सबसे ठंडी रही। दोनों ही जगह पर न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दतिया में तापमान 9.4 डिग्री रहा, जबकि सीधी में 10, गुना में 10.6, टीकमगढ़-नरसिंहपुर में 11, रायसेन में 11.6 और सिवनी में तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य जिलों में तापमान इससे ज्यादा ही रहे। मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया- आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। इससे पारे में और गिरावट आएगी।