बस स्टैंड के लिए टेंडर , 1 करोड़ रुपए से
अधिक होंगे खर्च
विदिशा। शहर के बस स्टैंड परिसर का कायाकल्प करने की तैयारी चल रही है। पूरे बस स्टैंड परिसर की सूरत बदलने के लिए 1करोड़ 6लाख रुपए से विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके लिए बुधवार को नगरपालिका प्रशासन द्वारा टेंडर ओपन करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराए जाएंगे।
नगरपालिका के सीएमओ आरपी मिश्रा ने बताया कि सबसे पहले बस स्टैंड परिसर के पीछे वाले हिस्से में गड्ढों को भरने का काम किया जाएगा। इसके बाद पूरे परिसर को समतल किया जाएगा। इसके बाद परिसर में डामरीकरण कार्य कराया जाएगा। इसी प्रकार पूरे कैंपस में पेवर ब्लाक लगवाए जाएंगे। बस स्टैंड परिसर में रोजाना 200 से अधिक बसों का संचालन किया जाता है। यहां से भोपाल, सागर, रायसेन, सिरोंज, शमशाबाद, बासौदा, गुना, अशोगनगर, इंदौर, राजगढ़ आदि प्रमुख शहरों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बसों का संचालन किया जाता है। यहां रोजाना सैकड़ों की संख्या में यात्रियों की आवाजाही होती है।
वर्तमान में परिसर की हालत ठीक नहीं है। पूरा परिसर समतल नहीं होने से बारिश के दिनों में पानी का भराव होता है और यात्रियों का यहां से निकलना दूभर हो जाता है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यात्रियों को सुविधा मिल सकेगी