Saturday, October 25

6 दिन बाद खुली कृषि मंडी:सभी जिंसों की नीलामी मुहूर्त में एक साथ, 600 से अधिक ट्रैक्टर- ट्राॅलियों से भरा परिसर , 7001 रु. क्विं. रहा मसूर का दाम

21246 क्विं. आवक में 17996 क्विंटल सिर्फ धान, 2900 रु. के भाव बिकी

दीपावली त्योहार के अवकाश के 6 दिन बाद सोमवार को कृषि उपज मंडी खुलने पर जोरदार आवक दर्ज की गई। मंडी में करीब 21246 क्विंटल की आवक रही, जो कि इस सीजन की दूसरी सर्वाधिक आवक है। इसमें भी सबसे ज्यादा आवक धान की रही। पूरा मंडी परिसर 600 से अधिक ट्रैक्टर-ट्रालियों से भरा हुआ था। सभी टीनशेड पर ट्रैक्टर-ट्रालियां कतारबद्ध खड़े हुए थे।

नई मंडी में नीलामी के बाद कई किसान अपनी उपज की तौल कराने के लिए ट्रैक्टर-ट्राली पुरानी मंडी में पहुंचे। इससे शहर की सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था भी बिगड़ी। खास बात यह है कि सोमवार को कृषि मंडी में धान की उपज 2900 रुपए प्रति क्विंटल तक में बिकी है, जो कि इस सीजन खरीदी में धान के सबसे ऊंचे दाम रहे हैं।

इस साल मंडी में बंपर आवक देखने को मिल रही है। धान की अधिक मात्रा में उपज आने से आवक ज्यादा बनी हुई है। इस साल जिले में धान का रकबा और उत्पादन अधिक होने से मंडी अधिक आवक से गुलजार है। आने वाले दिनों में भी इसी तरह आवक होने की बात कही जा रही है।

मुहूर्त की खरीदी का समय सिर्फ 10 से 10:30 तक ही रहा
त्योहार के बाद मंडी में बिकने के लिए आईं सभी जिंसों की नीलामी मुहूर्त को ध्यान में रखकर सुबह 10 बजे से की गई। अनाज तिलहन संघ के अध्यक्ष राधेश्याम माहेश्वरी ने बताया कि मुहूर्त का समय 10 बजे से 10.30 बजे तक का था। इसके चलते दलहन जिंसों की खरीदी निर्धारित समय से आधे घंटे पहले और गेहूं उपज की खरीदी एक घंटे पहले की गई। मंडी में तय शेड्यूल के तहत धान की खरीदी का समय 10 बजे से होती है, वहीं दलहन की नीलामी 10.30 बजे से और गेहूं की नीलामी 11 बजे से होती थी।

दूसरी जिंसों में गेहूं की आवक 1915 क्विंटल तक रही
कृषि उपज मंडी सविच कमल बगवईया ने बताया कि मंडी में 21246 क्विंटल उपज में सबसे ज्यादा 17996 क्विंटल धान की आवक रही है। जबकि अन्य जिंसों में सबसे ज्यादा 1915 क्विंटल गेहूं की आवक रही है। चना की 404 क्विंटल, सोयबीन की 376 बोरा, मसूर की 210 क्विंटल, उड़द की 111 क्विंटल, मक्का की 155 क्विंटल, ज्वार की 41 बोरा, सरसों की 18 क्विंटल और 20 क्विंटल तेवड़ा की आवक रही है। मंडी में 790 किसान अपनी उपज बेचने के लिए आए थे। सोमवार को धान सबसे ज्यादा दाम पर बिकी है।

जिसों के दाम सरसों के दाम 7751 रु. क्विंटल
धान: न्यूनतम 1150 रुपए और अधिकतम 2900 रुपए प्रति क्विंटल तक बिकी।
गेहूं: न्यूनतम 1800 रुपए और अधिकतम 3501 रुपए प्रति क्विंटल तक बिकी।
चना: न्यूनतम 4120 रुपए और अधिकतम 5151 रुपए प्रति क्विंटल तक बिकी है।
मसूर: न्यूनतम 6510 रुपए और अधिकतम 7001 रुपए प्रति क्विंटल तक बिकी है।
सरसों: न्यूनतम 5631 रुपए और अधिकतम 7751 रुपए प्रति क्विंटल तक बिकी है।
उड़द: न्यूनतम 4118 रुपए और अधिकतम 5500 रुपए प्रति क्विंटल तक बिकी है।