
दोपहर 12 से रात 10 बजे तक तिलक चौक से माधवगंज के बीच दोपहिया वाहनों की नो-एंट्री
धनतेरस पर शहर के मुख्य बाजार और उससे जुड़े अन्य व्यवसायिक क्षेत्रों में ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए प्रशासन ने प्लान तैयार किया है। ट्रैफिक प्लान के तहत मंगलवार को दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक तिलक चौक से माधवगंज के बीच टू-व्हील की भी नो-एंट्री रहेगी।
इसके अलावा पूरे बाजार में ऑटो और कार की एंट्री नहीं होगी। ताकि वाहनों की वजह से ट्रैफिक जाम न हो और लोग धनतेरस पर आसानी से खरीदी कर सकें। टू-व्हील की वजह से तिलक चौक से माधवगंज के बीच कई बार जाम लगता है। खासकर त्योहार पर बहुत दिक्कत होती है।
इसलिए टू-व्हील को प्रतिबंधित किया गया है। ट्रैफिक इंचार्ज आशीष राय ने बताया कि माधवगंज, बड़ाबाजार, कोतवाली, बाल विहार-किरी मोहल्ला जोड़, तिलक चौक और खरी फाटक रोड पर ट्रैफिक पुलिस का एक एक जवान तैनात रहेगा। इसके अलावा यहां पर वाहनों की एंट्री ना हो इसके लिए बैरिकेडिंग रहेगी। लगभग 25 से ज्यादा ट्रैफिक जवान अस्थाई पार्किंग स्थल सहित ट्रैफिक पाइंटों पर तैनात किए जाएंगे।
मान्यता… अमृत कलश लेकर भगवान धन्वंतरि समुद्र मंथन से प्रकट हुए थे
धनतेरस के एक दिन पहले ग्राहकों और व्यापारियों में उत्साह
धनतेरस की खरीदी के लिए बाजार पूरी तरह सजकर तैयार हो गया है। मंगलवार को होने वाली खरीदी के लिए एक दिन पहले से ही ग्राहकों और व्यापारियों में उत्साह दिखाई दे रहा था। विदिशा में धनतेरस पर रियल एस्टेट, सराफा बाजार, आटोमोबाइल सेक्टर और इलेक्ट्रानिक्स आइटम में करीब 5 करोड़ रुपए तक का कारोबार होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
पंडित विनोद शास्त्री ने बताया कि इस दिन अमृत कलश लेकर भगवान धन्वंतरि समुद्र मंथन से प्रकट हुए थे। इन्हें आरोग्य का देवता कहा जाता है। धन के देवता कुबेर का प्राकट्य प्रदोष काल शाम के समय हुआ था। इस दिन लक्ष्मी कुबेर की पूजा व यम दीप के साथ खरीदारी करना श्रेष्ठ रहता है।
पंडित विनोद शास्त्री के अनुसार इस दिन बर्तन खरीदने की परंपरा को अवश्य निभाना चाहिए। विशेषकर पीतल और चांदी के बर्तन खरीदें, क्योंकि पीतल भगवान धनवंतरी की अहम धातु है। इससे घर में अरोग्य, सौभाग्य और स्वास्थ्य लाभ की प्राप्ति होती है। व्यापारी इस विशेष दिन में नए बही खाते खरीदते हैं, जिनका पूजन वे दीपावली तक करते हैं।
इलेक्ट्राॅनिक्स बाजार: फ्रिज, वॉशिंग मशीन की डिमांड ज्यादा बढ़ी
इलेक्ट्रानिक्स आयटमों के शहर में आधा दर्जन से अधिक प्रमुख प्रतिष्ठान हैं। सभी प्रतिष्ठानों में करीब 1 से 2 करोड़ तक का कारोबार होने का अनुमान है। एक दिन पहले से ही जरूरत का सामान खरीदने के लिए लोगों ने बुकिंग करा दी थी। इस संबंध में इलेक्ट्रानिक्स आयटमों के प्रमुख व्यापारी प्रथम ताम्रकार और नीरज चंद्रवंशी ने बताया कि एलईडी, फ्रिज और वाशिंग मशीन की लोग ज्यादा डिमांड कर रहे हैं।
सराफा बाजार: 150 दुकानों में विशेष तैयारियां
हर साल की तरह इस साल भी दीपावली के त्योहार से पहले धनतेरस पर सोने-चांदी के जेवरात की चमक बरकरार रहेगी। विदिशा में सराफा की छोटी-बड़ी करीब 150 दुकानें हैं। इनमें करीब डेढ़ से 2 करोड़ तक का कारोबार होने की संभावना है। सराफा व्यापारी राजेश सराफ और रविकांत सोनी ने बताया कि ग्राहकों की पसंद का ख्याल रखा जा रहा है।
प्राॅपर्टी: मकान खरीदने ग्राहकों में अति उत्साह
विदिशा में भूखंड और मकान खरीदने के लिए लोगों ने एडवांस बुकिंग करा रखी है। शहर में करीब 6 प्रमुख कॉलोनाइजर हैं। पूरे रियल एस्टेट में करोड़ों का व्यवसाय होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इस संबंध में नरेश बिल्ड एंड होम के संचालक मयंक जैन, वेस्टर्न पार्क के कॉलोनाइजर मनीष जोशी, सांई फार्च्यून के अभिषेक भदौरिया, बिट्ठल पार्क के प्रियंक गंगरानी ने बताया कि लोगों में मकान खरीदी को लेकर अच्छा उत्साह है।
