
विदिशा कृषि उपज मंडी के इतिहास में 50 हजार बोरा अनाज की रिकार्ड आवक सोमवार को दर्ज हुई। एक ही दिन में मंडी में 45 हजार 610 बोरा अनाज की नीलामी हुई। भारी मात्रा में हुई आवक की नीलामी कराने के लिए मंडी प्रबंधन को बोली लगाने के लिए दो गुना अमला लगाना पड़ा।
इसके अलावा तय समय शाम 4 बजे के आधा घंटे बाद तक नीलामी कार्य चला। इसके बाद भी करीब 5 हजार बोरा अनाज नीलामी से बचा रह गया। ऐसे बचे हुए किसानों की उपज को अब मंडी प्रशासन मंगलवार का अवकाश निरस्त कर सुबह 11 बजे से नीलामी कराएगा।
खास बात यह है कि मंडी में हुई कुल आवक में 40 हजार से ज्यादा बोरा धान के हैं, जिसमें 75 फीसदी धान बाहरी जिलों से आई। उल्लेखनीय है कि मंडी में अधिकतम आवक का पिछला रिकार्ड करीब 35 हजार बोरों का है। पिछले रिकार्ड से 15 हजार बोरा अधिक आवक होने बावजूद बिना व्यवस्था बिगड़े उपज की सुचारू रूप से नीलामी कराने के बाद भी मंडी प्रबंधन भी खासा उत्साहित है।
बाहरी जिलों के किसान ला रहे अपनी धान
कृषि उपज मंडी के सचिव कमल बगवईया ने बताया कि विदिशा कृषि उपज मंडी में कई बड़ी कंपनियां धान की खरीदी कर रही हैं। इसमें देश की नामी दावत फूड, पीएसएस, सागर न्यूट्रीमेंट्स सहित तीन अन्य कंपनियां खरीदी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि मंडी में धान के दाम अच्छे मिलने से कई बाहरी जिलों तक के किसान अपनी उपज लेकर आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सागर, बीना, गुना, अशोकनगर, भोपाल और रायसेन जिले के किसान विदिशा उपज मंडी में अपनी उपज बेचने के लिए ला रहे हैं। लगभग 75 फीसदी धान बाहरी जिलों की बिकने आ रही हैं। इससे खरीदी बढ़ी हुई है।
रात में ही आ गईं थीं 300 ट्राॅलियां
अनाज तिलहन संघ ने कृषि उपज मंडी में 2 नवंबर से 7 नवंबर तक दीपावली अवकाश घोषित किया गया था। पांच दिनों के
अवकाश होने की सूचना के चलते सोमवार को एक दिन के लिए जब मंडी खुली बड़ी संख्या में किसान उपज लेकर पहुंच गए। करीब 300 ट्रालियां तो रविवार की रात में ही मंडी में आ चुकी थीं। सोमवार सुबह 9 बजे नीलामी शुरू होने तक करीब 450 ट्रालियां आ चुकी थीं। करीब 700 ट्राली अनाज की नीलामी सोमवार को हुई। अनाज तिलहन संघ के अध्यक्ष राधेश्याम महेश्वरी ने बताया कि सोमवार को नीलामी से शेष बची लगभग 100 ट्राली अनाज की नीलामी मंगलवार को कराई जाएगी।
उपज मंडी में मुख्य जिंसों की ये रही आवक
- धान- मंडी में धान की 40 हजार 47 बोरा आवक रही। करीब 982 किसानों ने धान बेची ।
- गेहूं- मंडी में गेहूं की कुल 3576 क्विंटल आवक रही, जो कि 186 किसानों द्वारा बेची गई है।
- चना- मंडी में चना की 614 क्विंटल आवक दर्ज की गई, जो कि 48 किसानों ने बेची।
- सोयाबीन- मंडी में कुल 619 क्विंटल सोयाबीन की आवक रही, जो कि 54 किसानों द्वारा बेची गई।
