Sunday, October 12

विदिशा में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन:पंप पर पेट्रोल-डीजल लेने वालों को माला पहनाकर, आरती भी उतरी, फिर महंगाई के खिलाफ लगवाए नारे

विदिशा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ लगातार अनोखे प्रदर्शन कर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर मोर्चा खोल रखा है। लगातार बढ़ती महंगाई से परेशान जनता को भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नित नए प्रदर्शन पसंद आ रहे हैं, जिससे जनता का समर्थन भी इनको मिलने लगा है ।

पेट्रोलियम पदार्थों में हो रही बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ भी ऐसा ही कुछ अनोखा प्रदर्शन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को विदिशा सिविल लाइन क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर किया। पेट्रोल पंप पर जो भी ग्राहक पेट्रोल या डीजल अपने वाहनों में भरवाने आया। उसको तिलक लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने माला पहनाई।

उसको नारियल दिया फिर उसकी आरती उतारी, फिर उनसे ही भाजपा सरकार और महंगाई के खिलाफ नारे लगवाए। इस दौरान फ्लेक्स अडानी-अम्बानी लिखा चेक जो आम आदमी के नाम काटा गया था, जिसमें 34 रुपए केंद्र सरकार और 32 रुपए राज्य सरकार के कुल 66 रुपए टैक्स के रूप में आम आदमी से अतिरिक्त लिए जा रहे हैं। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई और केंद्र व राज्य सरकारों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता हाथ में महंगाई के खिलाफ बैनर-पोस्टर भी रखे थे। कार्यक्रम आयोजक कांग्रेस नेता विवेक ठाकुर का कहना है कि केंद्र सरकार ने अच्छे दिनों का वादा किया था, लेकिन महंगाई दे दी। महंगाई आज आसमान छू रही है। महंगाई से आम जनता परेशान है और अपनी सीमित आय के बावजूद इस महंगाई में आम जनता अगर पेट्रोल-डीजल भरवा रही है, तो उसका सम्मान होना बहुत जरूरी है।