कजाकिस्तान में पिछले साल अजरबैजान एयरलाइंस का प्लेन क्रैश हो गया था, जिसमें 38 लोग मारे गए थे। इस मामले में अब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बड़ा खुलासा किया है।
पिछले साल दिसंबर में प्लेन क्रैश का एक बड़ा मामला सामने आया था। अजरबैजान एयरलाइंस ) का प्लेन कजाकिस्तान में क्रैश हो गया था। यह प्लेन अजरबैजान की राजधानी बाकू से रूस में चेचन्या क्षेत्र की राजधानी ग्रोज़्नी जा रहा था। हालांकि इसे किसी वजह से कजाकिस्तान की ओर डायवर्ट करना पड़ा, जहाँ उसकी इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। इसी दौरान अक्ताऊ शहर से करीब 3 किलोमीटर दूर प्लेन क्रैश हो गया और उसके दो टुकड़े भी हो गए। इस प्लेन क्रैश में 38 लोगों की मौत हो गई थी। इस भीषण हादसे के बाद कई थ्योरीज़ सामने आई, लेकिन हादसे की असल वजह का पता नहीं चल पाया। अब इस मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है।
रूस की वजह से हुआ था प्लेन क्रैश
यह प्लेन क्रैश रूस की वजह से हुआ था। इस बात का खुलासा रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को किया। पुतिन ने कहा की इस प्लेन क्रैश के लिए रूस का एयर डिफेंस सिस्टम ज़िम्मेदार था। पुतिन ने बताया कि रूसी एयर डिफेंस सिस्टम ने यूक्रेनी ड्रोन को निशाना बनाने के लिए मिसाइल दागी थी, जो इस प्लेन के पास फट गई थी। इसी वजह से उसे डायवर्ट करना पड़ा और वो क्रैश हो गया।
पुतिन ने किया वादा…
इस प्लेन क्रैश के बाद कई थ्योरीज़ सामने आई थीं, जिनमें एक रूस का हमला भी थी। हालांकि इसकी कभी भी पुष्टि नहीं हुई थी, लेकिन अब खुद पुतिन ने ही इस बात को स्वीकार कर लिया है। पुतिन ने गुरुवार को ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में अज़रबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव के साथ एक मीटिंग में यह बात स्वीकारी और साथ ही इस प्लेन क्रैश के लिए ज़िम्मेदार लोगों को दंडित करने और पीड़ितों को मुआवजा देने का वादा भी किया।