वाशिंगटन। दुनियाभर में परमाणु सामग्री की कमजोर सुरक्षा स्थितियों वाले देशों की सूची में भारत का स्थान अपने परमाणु संपन्न पड़ोसी देशों पाकिस्तान और चीन से भी नीचे रखा गया है। अमेरिकी थिंक टैंक न्यूक्लियर थ्रेट इनीशिएटिव ने यह जानकारी दी है। 2014 न्यूक्लियर थ्रेट इनीशिएटिव्ज न्यूक्लियर मैटेरियल्स सिक्योरिटी इंडेक्स में भारत को हथियारों में इस्तेमाल की जाने वाली परमाणु सामग्री वाले 15 देशों में से 23 वें स्थान पर रखा गया है। भारत को 100 में से 41 अंक मिले हैं। वर्ष 2012 के मुकाबले इसमें एक अंक का इजाफा हुआ है। चीन 64 अंकों के साथ बीसवें स्थान पर जबकि पाकिस्तान 46 अंकों के साथ 22 वें स्थान पर हैं। भारत सहित अन्य देशों को एक किलोग्राम या उससे अधिक परमाणु सामग्री वाले देशों की सूची में शामिल किया गया है। इस सूची में परमाणु हथियार संपन्न अन्य देश भी शामिल हैं। एनटीआई ने कहा कि भारत के अंक कम होने के बावजूद यह सुधार आईआईए परमाणु कोष में भारत की पहली भागीदारी दिखाता है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत और चीन दोनों ने आईआईए परमाणु सुरक्षा कोष में योगदान करके 2012 से अभी तक अपने अंकों में सुधार किया है। यह परमाणु सुरक्षा गतिविधियों के कार्यान्वयन का समर्थन करता है। परमाणु सुरक्षा मुद्दों से संबंधित संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद प्रस्ताव 1540 को अमल में लाए जाने के मामले में भारत ने चीन से अधिक अंक हांसिल किए हैं। परमाणु सुरक्षा के मामले में भारत को नीचे रखे जाने के कई कारण हो सकते हैं।