भोपाल मध्य प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल खजुराहो में नृत्य समारोह का आगाज 20 फरवरी को होगा और यह 26 फरवरी तक जारी रहेगा। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारी जोर शोर से जारी है।
इसका आयोजन भोपाल स्थित उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी मध्य प्रदेश संस्कृति परिषद की ओर से किया जा रहा है। समारोह के पहले दिन 20 फरवरी को दीप्ति ओमचेरी भल्ला मोहनीअट्टम प्रस्तुति देंगी। इसी दिन पद्मिनी कृष्णन एवं द्रौपदी प्रवीण कुचिपुड़ी और भरतनाट्यम की युगल प्रस्तुति देंगी, जबकि विचित्रानंद स्वैन एवं उनके साथी ओडिसी समूह नृत्य पेश करेंगे।
संस्कृति विभाग के अनुसार, समारोह के दूसरे दिन 21 फरवरी को मोनिसा नायक कथक, सुविकास मुखर्जी एवं ऐश्वर्या सिंहदेव ओडिसी युगल तथा घनाकांत बोरा एवं उनके साथी सत्रिया समूह नृत्य पेश करेंगे। तीसरे दिन 22 फरवरी को अरूपा लाहिरी भरतनाट्यम, सुरश्री भट्टाचार्य, अनुस्वा मजुमदार, राजेश एवं राकेश साईं बाबू कथक एवं मयूरभंज छऊ, रानी कर्णा एवं उनके साथी कथक नृत्य पर प्रस्तुति देंगे।
समारोह के चौथे दिन 23 फरवरी को रमिन्दर खुराना की ओडिसी, शिवानी सेठिया, तृष्णा कुमारी एवं जेसल पटेल की कथक तथा शैलेजा एवं उनके साथियों की कुचिपुडी समूह नृत्य आकर्षण का केंद्र रहेगी। पांचवें दिन 24 फरवरी को वी. अनुराधा सिंह, राजेन्द्र चतुर्वेदी की कथक युगल, यशोदा राव ठाकुर का देवदासी नृत्य और शुभदा वराडकर एवं साथियों की ओडिसी समूह नृत्य की प्रस्तुति होगी।
छठे दिन 25 फरवरी को जय किशोर एवं पद्यवानी मोसलिकंटी कुचिपुड़ी युगल, सोनाली महापात्र ओडिसी और टिकेन सिंह प्रोग्रेसिव आर्ट मणिपुरी नृत्य समूह पेश करेंगे। समारोह के आखिरी दिन 26 फरवरी को आलाख्या पुंजाला कुचिपुड़ी, सुनन्दा बैनर्जी, अपूर्वा मोहन, मीनल सेजवान ओडिसी-भरत नाट्यम-कथक तथा कुमुदिनी लाखिया-कदम्ब कथक समूह नृत्य प्रस्तुत करेंगे।
संस्कृति राज्य मंत्री सुरेन्द्र पटवा ने खजुराहो नृत्य समारोह के तैयारियों की समीक्षा की। पटवा ने कहा कि यह अपने आप में अनूठा आयोजन है, जिसकी ख्याति अंतराष्ट्रीय स्तर की है। उन्होंने यह उम्मीद जाहिर की कि ऐसा आयोजन पर्यटकों की संख्या में वृद्धि करेगा