Monday, September 22

भाजपा के भितरघातियों में दो सांसदों के नाम

भोपाल। विधानसभा चुनाव में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ 70 सीटों पर भितरघात के मामले सामने आए हैं। इनमें विंध्य क्षेत्र के दो सांसद गोविंद मिश्र और गणेश सिंह सहित अनेक दिग्गज नेताओं के भी नाम हैं। सुनवाई के बाद पार्टी कुछ 102 भाजपाईयों को शोकाज नोटिस देगी। हालांकि लोकसभा चुनाव के पहले कार्रवाई होने की संभावना कम ही है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में अनुशासन समिति की बैठक हुई। समिति अध्यक्ष लल्लू सहिं सहित अन्य सदस्यों ने भितरघात संबंधी मामलों का अध्ययन किया। भोपाल संभाग में भी अनेक दिग्गज नेताओं के नाम हैं। इनमें राजगढ़, नरसिंहगढ़ और भोपाल से टिकट वितरण के दौरान अनुशासनहीनता की घटनाएं सामने आईं थी। प्रदेश भाजपा दफ्तर पर तोड़-फोड़ तक हो गई थी। प्रदेश के विभिन्न जिलों में पार्टी के बागी नेताओं को प्रदेश अध्यक्ष पहले ही बाहर का रास्ता दिखा चुके हैं। अनुशासन समिति के पास भोपाल संभाग के कुल 10 मामले सामने आए हैं। इन सभी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। इनमें कुछ बड़े नेताओं के नाम भी हैं। पूर्व विधायक अरविंद भदौरिया ने मुन्ना भदौरिया की शिकायत भेजी है। इनके मामले में संबंधित जिलाध्यक्ष से पूछताछ के बाद पार्टी निर्णय करेगी। समिति अध्यक्ष ने बताया कि कुछ शिकायतें ऐसी भी हैं जिनमें पूरा पता नहीं है ऐसे मामलों को संबंधित जिलाध्यक्षों के पास भेजा जा रहा है। जिलाध्यक्ष संबंधित को नोटिस तामील कराएंगे। जवाब के लिए 10 दिन का समय दिया गया है। समिति अध्यक्ष ने बताया कि अब उन मामलों से हटकर सुनवाई की जा रही है। पन्ना जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष संजय नागाइच और सिवनी के नगर पालिका अध्यक्ष राजेश त्रिवेदी के खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए निलंबन की कार्रवाई की गई है। नागाइच की शिकायत पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने की थी इसी तरह त्रिवेदी की शिकायत भी स्थानीय प्रत्याशी द्वारा की गई थी। लोनिवि मंत्री सरताज सिंह ने भी सिवनी मालवा सीट पर पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए होशंगाबाद जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष योगेन्द्र मंडलोई और सुनील तिवारी की नामजद शिकायत पार्टी को थी। इसी तरह लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री कुसुम मेहदेले ने पन्ना में पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह के खिलाफ पार्टी को शिकायत भेजी है।