
स्वर्गीय राजीव गांधी के जयंती के माध्यम से शुक्रवार को कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरते हुए पूर्व विधायक निशंक जैन ने भाजपा और केंद्र के उस आरोप का जवाब दिया कि 55 साल में कांग्रेस सरकार ने क्या किया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री गांधी ने यदि कंप्यूटर युग की शुरूआत नहीं की होती तो केंद्र डिजिटल इंडिया बनाने का सपना नहीं देख पाती। डिजिटल युग की आधार शिला उन्होंने ही रखी थी। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के सचिव विकास शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय इंदिरा गांधी ने विश्व के दबाव के बावजूद परमाणु विस्फोट कर भारत को महाशक्ति बनाने का कदम उठाया था। इस कारण आज भारत शक्ति संपन्न देशों में गिना जा रहा है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश मिश्रा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव के शासनकाल में वित्त मंत्री रहे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने ही उदारीकरण की शुरूआत कर देश में इस बाजार के लिए मार्ग प्रशस्त किया। इस मौके पर शासकीय जन चिकित्सालय परिसर में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय गांधी की प्रतिमा पर नेता और कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण किया। 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। बरेठ रोड पर पूर्व प्रधानमंत्री की स्मृति में पौधा रोपण भी किया गया।