Sunday, November 9

सौराई में समझौता:पुरानी रेक पाइंट विदिशा और सौराई स्टेशन के हम्माल 50-50 प्रतिशत में करेंगे काम

रेक लगने से पहले हम्मालों में विवाद, शाम 7 बजे तक वह लगी ही नहीं

सौराई स्टेशन पर बनाए रेलवे के नए रेक पाइंट पर गुरुवार को पहली रेक ही विवादों के साए में रही। हम्मालों के दो संगठनों के बीच बड़ा विवाद होने की आशंका के चलते यहां रेक लगने से पहले से ही भारी सुरक्षा बल के साथ कई आला अधिकारी पहुंच गए, जो कि घंटों तक डटे रहे।

विदिशा रेलवे स्टेशन के पुराने रेक पाइंट पर काम करने वाले हम्मालों का संगठन और सौराई रेक पाइंट के स्थानीय हम्मालों का संगठन यहां पर हम्माली के लिए अपनी-अपनी दावेदारी कर रहे थे। मामला शांत करने के लिए अफसर जुटे रहे।

अपनी-अपनी दावेदारी

एक पक्ष का कहना था कि वह सालों से काम कर रहा है इसलिए सौराई रेक पाइंट पर उन्हें काम कर दिया जाए। जबकि दूसरे पक्ष का कहना था कि सौराई के स्थानीय रहवासी होने के नाते ग्रामीणों के रोजगार को ध्यान में रखकर उन्हें काम मिले। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने रेक पाइंट के ठेकेदार सहित हम्मालों के दोनों संगठनों से चर्चा कर समझाइश दी। इसके बाद ठेकेदार ने दोनों पक्ष के हम्मालों से 50-50 प्रतिशत हम्माली का काम कराने की सहमति दी।

पुलिस बल रहा मौजूद… स्थिति को संभालने के लिए एसडीएम गोपाल सिंह वर्मा, एएसपी संजय साहू, तहसीलदार, टीआई भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। रेक पाइंट के ठेकेदार द्वारा दोनों संगठनों को आधा-आधा रेक देने के बाद मामला शांत कराया गया।

स्टेशन पर 2192 यूरिया की पहली रेक लगनी थी

सौराई रेलवे स्टेशन के रैक पाइंट पर गुरुवार को पहली रेक 2192 यूरिया की लगने की सूचना थी। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से दोपहर 1 बजे से ही भारी बल तैनात कर दिया गया था। घंटों इंतजार के बाद भी देर शाम 7 बजे तक यहां पर रेक नहीं आई थी। इसी बीच शाम को बारिश शुरू होने से आधे से ज्यादा मजदूर भी वापस चले गए थे। शाम सात बजे की स्थिति में सौराई पर पहली रेक आईटीसी की लगने की जानकारी मिली। आईटीसी की रेक के बाद ही यूरिया की रेक लगने की बात अधिकारियों ने कही है।