
भारतीय किसान संघ ने गुरुवार को मुख्यमंत्री के नाम कृषि उपज मंडी बोर्ड भोपाल में ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया है कि कुछ व्यापारियों की मनमानी के कारण शासन के करोड़ों रुपए खर्च होने के बाद भी मंडी पूरी तरह स्थानांतरित नहीं हो पा रही है। नवीन कृषि उपज मंडी प्रांगण में नीलामी और तुलाई व्यवस्था पूरी तरह प्रारंभ कराई जाए। वर्तमान में किसानों को नीलामी के बाद पुरानी मंडी उपज लेकर तुलाई के लिए आना पड़ता है। इससे सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। दुर्घटना के दौरान किसान को परेशान हाेना पड़ता है। इसके अतिरिक्त आर्थिक नुकसान होता है।
5 किमी का जाम : दोहरी व्यवस्था के कारण शहर में 5 किलोमीटर लंबा जाम लगता है। इससे शहर के व्यापारी और स्कूली छात्र भी परेशान रहते हैं। नीलामी के बाद किसानों को तुलाई को लेकर परेशान होना पड़ता है। इसलिए किसानों की उपज तौल की व्यवस्था मंडी के धर्म कांटे पर कराई जाए। इससे किसानों का समय बचेगा। व्यापारियों का भी समय नष्ट नहीं होगा। इन दिनों किसानों के खेतों में खरीफ फसल खड़ी हुई है। उसे फसल के लिए डीजल, दवा, खाद आदि की व्यवस्था भी करना है लेकिन चंद व्यापारियों की मनमानी के चलते 15 दिन से मंडी बंद है। यदि इस मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन देने वालों में खूब सिंह लोधी, लखन सिंह, अजब सिंह, कैलाश नारायण, रामबल कुर्मी, महेंद्र सिंह, लखन सिंह शामिल थे।